ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन और लगा जाम।
- फोटो : Grnoida
कोहरे में ईस्टर्न पेरिफेरल पर भिड़े 9 वाहन, 4 लोग घायल
ग्रेटर नोएडा। घने कोहरे की वजह से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर कासना थाना क्षेत्र में 9 वाहन भिड़ गए। इस हादसे में वाहनों में सवार 4 लोग घायल हो गए, वहीं एक्सप्रेसवे पर काफी देर तक यातायात बाधित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहनों को रास्ते से हटाकर यातायात सुचारू कराया।
शुक्रवार रात और शनिवार सुबह घने कोहरे की वजह से क्षेत्र में दृश्यता काफी कम रही। इस वजह से यमुना एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और राष्ट्रीय राजमार्ग पर चालक बेहद धीमी गति से वाहन चला रहे थे। अधिकांश वाहन लाइन में एक के पीछे एक चल रहे थे। शनिवार सुबह पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर नौ वाहन एक-दूसरे से टकरा गए। वाहनों की गति कम होने की वजह से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन चार लोग चोटिल हो गए। पुलिस के अनुसार सभी को प्राथमिक उपचार दिलाने के बाद उनके गंतव्यों की ओर रवाना कर दिया गया। वहीं, क्षतिग्रस्त वाहनों को रास्ते से हटाकर यातायात सुचारू किया गया।