चाइल्ड पीजीआई को 9 करोड़, अब सटीक और जल्द होगी बच्चों की जांच
-प्रदेश सरकार ने दी मंजूरी, जांच के लिए अत्याधुनिक मेडिकल उपकरण लगाए जाएंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। सेक्टर-30 स्थित चाइल्ड पीजीआई में जल्द ही बच्चों के इलाज और जांच की सुविधाएं और बेहतर होने जा रही हैं। प्रदेश सरकार ने अस्पताल के लिए करीब 9 करोड़ रुपये की मंजूरी दे दी है। जिससे विभिन्न विभागों में अत्याधुनिक मेडिकल उपकरण लगाए जाएंगे। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि नई मशीनों के आने से गंभीर बीमारियों की जांच पहले की तुलना में अधिक तेजी और सटीकता से हो सकेगी। इससे कई तरह की बीमारियों का चेकअप और इलाज दोनों ही आसान हो जाएगा।
अस्पताल में फिलहाल कई विशेष जांचों के लिए मरीजों को निजी लैब या अन्य अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है। नई मशीनें लगने के बाद अधिकांश जांचें अस्पताल परिसर में ही उपलब्ध होंगी, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिलेगी। पीजीआई निदेशक डॉ. अरुण कुमार ने बताया, बच्चों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकार ने यह बजट जारी किया है। शासन को आवश्यक उपकरणों की सूची भेज दी गई है और स्वीकृति के बाद खरीद प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे, हाई रिजॉल्यूशन अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन, एमआरआई, वेंटिलेटर, पीसीआर जांच उपकरण, आधुनिक पैथोलॉजी मशीनें और एनआईसीयू-पीआईसीयू मॉनिटरिंग सिस्टम जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे गंभीर और नवजात मरीजों के इलाज में काफी सुधार होगा।