नोएडा। आगरा में बैठी महिला से गोवा टूर पैकेज के नाम पर 83 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। महिला आगरा में एक निजी स्कूल में शिक्षिका है। ठगी का शिकार होने के पांच दिन बाद महिला ने थाना सेक्टर-20 में मामले की शिकायत की है।
पुलिस के अनुसार, आगरा निवासी रेनू सिंह को दिसंबर में परिवार के साथ गोवा घूमने जाना है। उन्होंने इसके लिए ऑनलाइन टूर पैकेज की व्यवस्था कराने वाली एजेंसी सर्च की। उन्हें नोएडा के सेक्टर-2 स्टार टूर पैकेज के नाम से एक एजेंसी दिखी। उन्होंने दिए गए मोबाइल नंबर पर कॉल की तो राकेश ने फोन उठाया। रेनू ने राकेश से कहा कि उन्हें अपने पति और दो बच्चों के साथ 12 दिसंबर को गोवा जाना है। उन्हें करीब दो सप्ताह का टूर पैकेज चाहिए। राकेश ने कहा कि उन सभी का कुल 70 हजार रुपये खर्चा आएगा। साथ ही, अलग से 13 हजार रुपये लगेंगे। इस पर रेनू राजी हो गई। रेनू ने आरोपी के बताए बैंक खाते में 5 नवंबर को तीन बार में 83 हजार रुपये डाल दिए। इसके बाद आरोपी ने उनसे सिर्फ फ्लाइट टिकट और होटल के लिए दो बार बात की। इसके बाद से उसका नंबर बंद है। शनिवार को महिला नोएडा में सेक्टर-2 पहुंची तो वहां ऐसी कोई एजेंसी ही नहीं थी। महिला की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।