मारपीट मामले में 5 और आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम। भोंडसी स्थित भूपसिंह नगर में दो समुदायों के बीच हुई मारपीट के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने मंगलवार को पांच हमलावरों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार हमलावरों में एक आरोपी अनिल पर दो आपराधिक मामले दर्ज हैं जिनमें वह भगोड़ा घोषित है। इसके साथ ही गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 10 पहुंच गई है। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकन के मुताबिक, पुलिस ने नया गांव निवासी अनिल (33), गौरव (23), प्रदीप (28), ललित (27) व रोहित (26) को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों में से अनिल के खिलाफ बादशाहपुर थाना पुलिस में 2008 में तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने और 2016 में दूसरा मामला दर्ज हो रखा है। इन दोनों ही मामलों में अनिल फरार चल रहा था।
पुलिस इस पूरे मामले में एक अन्य आरोपी को भी हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, जो घटना के वक्त इन्हीं आरोपियों के साथ मौजूद था। वीडियो में इस युवक के आए चेहरे के चलते पुलिस घटना में युवक की संलिप्तता को लेकर सुबूत जुटा रही है। इससे पहले नया गांव निवासी अमित और धीरेंद्र को पुलिस ने रविवार को एक दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ की जिसमें इनके दूसरे साथियों की पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने सोमवार को सुनील और नीतू को दबोचा था। डीसीपी (दक्षिण) हिमांशु गर्ग ने बताया कि वारदात में शामिल सभी आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
युवकों को फंसाने का आरोप
भारत बचाओ संगठन के पदाधिकारियों ने इस पूरे प्रकरण में युवकों को फंसाने का आरोप लगाया है। संगठन के संयोजक विक्रम सिंह यादव व सह संयोजक विजय यादव ने मंगलवार को गांव में जाकर आरोपी पक्ष के लोगों का हाल जाना। उन्होंने कहा कि आरोपियों को न्याय दिलाने के लिए उनका संगठन हर स्तर की लड़ाई लड़ेगा।
छह दिन बाद प्रशासन को याद आया पीड़ित परिवार
भोंडसी स्थित भूपसिंह नगर में दो समुदायों के बीच हुई मारपीट का मामला अंतरराष्ट्रीय सुर्खियां बनने के 6 दिन बाद मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारियों को पीड़ित परिवार की याद आई। पीड़ित परिवार से मिलने के लिए सोहना एसडीएम चिनार चहल और तहसीलदार नेहा पहुंचीं। उन्होंने पीड़ित परिवार को प्रशासन की ओर से पूरी सुरक्षा मुहैया कराने का आश्वासन दिया।
नया गांव से सटे भूपसिंह नगर में छह दिन पहले हुई लड़ाई में जिला प्रशासन की भूमिका को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। पुलिस की ओर से कार्रवाई के नाम पर पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील करने के बावजूद पीड़ित परिवार दहशत में रह रहा है। पीड़ित परिवार समेत आसपास के लोगों ने भी जिला प्रशासन की ओर से किसी भी अधिकारी के न पहुंचने से नाराजगी जाहिर की थी। लगातार हो रही किरकिरी को देखते हुए मंगलवार को एसडीएम चिनार चहल और तहसीलदार अपने दलबल के साथ पीड़ित परिवार के घर पहुंचीं। करीब आधे घंटे तक यहां रुकने के दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार की महिलाओं से बातचीत कर कहा कि इसमें सांप्रदायिकता जैसा कोई मामला नहीं है। इसमें जिन युवकों ने दबंगई दिखाते हुए यह घटना की, पुलिस की ओर से सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से सुरक्षा को लेकर पूरी मदद की जाएगी, इसके लिए वे कोई असुरक्षा की भावना न पालें। हालांकि, पीड़ित परिवार को किसी मुआवजे को लेकर अधिकारियों ने बात नहीं की। पीड़ित परिवार की महिला समीना ने बताया कि हमने कर्जा लेकर मकान बनाया है, अभी भी यहां बच्चों को साथ रखकर रहने में डर लग रहा है। अब समझ ही नहीं आ रहा कि क्या करें। प्रशासन की ओर से भी कोई आर्थिक मदद नहीं की गई।
छठे दिन भी छावनी में दिखा भूपसिंह नगर
घटना के छठे दिन भी सुरक्षा के मद्देनजर पीड़ित परिवार के घर के चारों तरफ पुलिस का पहरा लगा रहा। यहां से आने जाने वाले वाहनों की भी निगरानी रखने के अलावा संदिग्ध लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है। खुफिया विभाग की टीमें भी मंगलवार को पूरे दिन निगरानी रखते नजर आईं। डीसीपी (दक्षिण) हिमांशु गर्ग के मुताबिक, सुरक्षा के मद्देनजर इंतजाम किए गए हैं, इसमें स्थानीय लोगों की परेशानी को भी ध्यान में रखा जा रहा है।
‘महिलाओं को परेशान कर रही पुलिस’
भोंडसी स्थित भूपसिंह नगर में धुलंडी (फाग) के दिन दो समुदायों के बीच हुई मारपीट के बाद पुलिस कार्रवाई से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को नया गांव में पंचायत की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कार्रवाई के नाम पर गांव की महिलाओं को परेशान किया जा रहा है। इस प्रकरण में दो युवकों के नाम जबरदस्ती दर्ज किए हैं, जिन्हें हटाया जाए। ग्रामीणों ने सोहना के विधायक तेजपाल तंवर और भोंडसी थाना प्रभारी से भी मुलाकात कर निष्पक्ष जांच की मांग की।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मामले के उछलने से हुई किरकिरी के मद्देनजर मंगलवार को नया गांव स्थित मंदिर में ग्रामीणों ने पंचायत की। पंचायत में आसपास के गांवों के सैकड़ों लोगों समेत पूर्व सरपंच, नंबरदार शामिल हुए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस पूरे प्रकरण में पुलिस 13 युवकों को आरोपी बनाकर कार्रवाई कर रही है, जिसमें दो युवकों पर बेवजह कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, उस दिन ये दोनों युवक मिलकपुर स्थित बाबा मोहन राम मंदिर गए हुए थे उन्हें तो मामले की पूरी जानकारी ही नहीं है। ग्रामीणों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि कार्रवाई के नाम पर नया गांव की बुजुर्ग महिलाओं को थाने में ले जाकर रोज बैठाया जा रहा है। इससे गांव की महिलाएं घरों से निकलने से कतराने लगी हैं।
पंचायत के बाद ग्रामीणों ने सोहना विधायक तेजपाल तंवर से मुलाकात की। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच की जाएगी किसी भी निर्दोष को फंसने नहीं दिया जाएगा। भोंडसी थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र ने बताया कि ग्रामीणों को आश्वासन दिया गया है कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इसमें किसी भी निर्दोष को फंसाया नहीं जाएगा।