स्कूल से नदारद रहने वाले दोनों अध्यापकों पर हुई कार्रवाई
- इंदिरा कॉलोनी प्राइमरी स्कूल के उपस्थिति पंजिका में हाजिरी बना गायब होने का मामला
- खंड शिक्षा अधिकारी ने मुख्याध्यापक को भी भेजा कारण बताओ नोटिस
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर झिरका। उपस्थिति पंजिका में हाजिरी लगाकर स्कूल से नदारद रहने वाले इंदिरा कॉलोनी प्राइमरी स्कूल के दो शिक्षकों पर शिक्षा विभाग की कार्रवाई की गाज गिरी है। खंड शिक्षा अधिकारी ने दोनों अध्यापकों को मूल स्कूलों में ड्यूटी ज्वाइन करने तक वेतन रोकने के आदेश जारी किए हैं तथा स्कूल के मुख्याध्यापक को कारण बताओ नोटिस थमाया है।
दरअसल, अमर उजाला ने बुधवार 30 जनवरी को उपस्थिति पंजिका में हाजिरी लगाकर अध्यापक नदारद शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। मामला सोमवार 28 जनवरी का है जब स्कूल के निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका में हाजिरी लगी थी लेकिन शिक्षक नदारद थे। इस बारे में तत्काल स्कूल इंचार्ज बनवारीलाल से पूछे जाने पर उन्होंने बताया था कि शिक्षक आने वाले ही हैं जबकि हाजिरी में उनकी उपस्थिति अग्रिम दर्ज की हुई थी।
फिरोजपुर झिरका खंड शिक्षा अधिकारी इंद्रजीत सिंह मजोका ने बताया कि इंदिरा कॉलोनी के प्राइमरी स्कूल से अनुपस्थित पाए गए दोनों अध्यापकों को दूसरे स्कूलों से कुछ समय पूर्व वैकल्पिक तौर पर इंदिरा कॉलोनी के स्कूल में लगाया गया था। मजोका ने बताया कि दोनों अध्यापकों को अपने मूल स्कूल में वापस जाने के अलावा ड्यूटी ज्वाइन न करने तक मासिक वेतन पर तुरंत प्रभाव से रोक लगाई गई है।
बीईओ ने बताया कि स्कूल के हेडमास्टर को कम होते बच्चों की संख्या व अनुपस्थित होने के बाद भी स्कूल उपस्थिति पंजिका में अग्रिम उपस्थित लगाए जाने के मामले में कारण बताओ नोटिस दिया गया है। मजोका ने बताया कि सारे मामले में विभागीय कार्रवाई करने के लिए शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों को भी लिखा गया है। बताया गया कि भविष्य में निरंतर अध्यापकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिदिन स्कूलों में छापेमारी की जाएगी।
बहरहाल, शिक्षा विभाग द्वारा कार्रवाई करने का भले दावा किया जा रहा हो लेकिन अध्यापकों के निरंतर स्कूलों से गायब रहने के समाचार लगातार मिल रहे हैं। प्रदेश शिक्षा विभाग द्वारा खंड के स्कूलों में तीसरी, पांचवीं, सातवीं कक्षा के बच्चों को सक्षम बनाने में अध्यापकों नियत व नीति बाधा बनी हुई है।
छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
शिक्षा के प्रति लापरवाह अध्यापकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विक्रम सिंह पुनिया, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी