सेक्टर-50, 51, 72 चौराहा आज से खत्म, लगा डिवाइडर
नोएडा। सर्फाबाद मंदिर सेक्टर-50, 51, 72 चौराहे पर दिनोंदिन बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार से चौराहे को खत्म करते हुए डिवाइडर लगाकर बंद कर दिया और रूट को डायवर्ट किया है। अब वाहन चालक यू-टर्न लेकर अपने गंतव्य को जा सकेंगे।
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक ,सेक्टर-71 चौराहे की तरफ से आने वाले सभी प्रकार के यातायात सेक्टर-50, 51, 72 चौराहे से दाहिने सेक्टर-50 व 51 की ओर नहीं जा सकेंगे। वहीं, सेक्टर-50 और 51 की तरफ से आने वाले यातायात सेक्टर-50, 51, 72 चौराहे से सीधे सेक्टर-72 की तरफ व दाहिने मुड़कर सेक्टर-74, 75, 76 की तरफ नहीं जा सकेगा। सेक्टर-71 चौराहे की तरफ से आने वाले सभी प्रकार के ट्रैफिक को सेक्टर-50 व 51 की तरफ जाने के लिए सेक्टर-50, 51, 72 चौराहे से आगे बढ़कर मेट्रो स्टेशन से पहले बने कट से यू-टर्न लेकर अपने गंतव्य को जा सकेंगे। सेक्टर-50 व 51 की तरफ से आने वाले सभी प्रकार के यातायात को सेक्टर-72, 74, 75, 76 व भंगेल की तरफ जाने के लिए बाएं मुड़कर सेक्टर-71 चौराहे की तरफ बने यू-टर्न से मुड़कर अपने गंतव्य को जा सकेंगे।
पर्थला चौक का एक रास्ता बंद
पर्थला चौक पर एक रास्ता बंद कर दिया गया है। सेक्टर-63 की ओर से आने वाले वाहन चालक जो सीधे सोरखा की ओर निकलना चाहते हैं। उनको पर्थला चौक से बायीं ओर मुड़कर एक्सटेंशन की ओर आगे जाकर यू-टर्न लेना होगा। इसके बाद दोबारा पर्थला चौक होकर आगे की ओर जा सकते हैं। इसी तरह से सेक्टर-71 की ओर से पर्थला चौक होकर सोरखा की ओर जाने वाले वाहनों को पर्थला चौक पर सीधे निकलना होगा। आगे जाकर यू-टर्न लेकर गंतव्य की ओर जा सकेंगे।