हिसार। पड़ाव चौकी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घर पर हमला, पथराव व तोड़फोड़ करने के मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है।आरोपियों को पूछताछ उपरांत अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
चौकी प्रभारी एएसआई विक्रम ने बताया कि पुलिस चौकी में कुम्हारण मोहल्ला निवासी आकाश ने शिकायत दी कि 4 नवंबर 2025 की रात करीब 9 बजे मेरे घर के सामने 15-20 युवक हाथों में लाठी-डंडे, तलवार और पिस्तौल लेकर पहुंचे। उन्होंने ने घर का गेट व खिड़की तोड़ दी तथा ईंट-पत्थरों से हमला किया। जिससे शिकायतकर्ता के पैर में चोट आई। हमलावरों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने दी गई शिकायत पर थाना शहर हिसार में सुसंगत धाराओं में अभियोग अंकित कर 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिसमें ढाणी श्यामलाल निवासी रवि उर्फ कालिया , टिब्बा दानाशेर निवासी मनीष उर्फ काली बददी ,सुभाष उर्फ मोगली , यमुनानगर निवासी नितिन कुमार ,आदमपुर निवासी साहिल , महेंद्रगढ़ कनीना निवासी योगेश , फतेहाबाद भूना निवासी मोहित शर्मा,रेवाड़ी निवासी चिराग को गिरफ्तार किया है। जांच अधिकारी एएसआई विक्रम ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि सभी आरोपियों ने शिकायतकर्ता के साथ पुरानी रंजिश के चलते यह हमला किया था।