- यूपीडा को रिपोर्ट भेजेगा प्राधिकरण, ताकि शुरू हो सके टेंडर प्रक्रिया
गंगा और यमुना एक्सप्रेसवे को जोड़ेगा लिंक एक्सप्रेसवे
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। गंगा और यमुना एक्सप्रेसवे को लिंक करने के लिए प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेसवे के लिए यमुना सिटी प्राधिकरण 75 प्रतिशत जमीन का अधिग्रहण कर चुका है। इस महीने के अंत तक पूरी जमीन खरीदने का लक्ष्य है। इसके बाद एक्सप्रेसवे का निर्माण शुरू हो जाएगा।
सीईओ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि 74.3 किमी. लंबे लिंक एक्सप्रेसवे में से करीब 20 किमी. का निर्माण यमुना सिटी प्राधिकरण क्षेत्र में होना है। इसके लिए 16 गांवों की करीब 740 एकड़ जमीन उपयोग होगी। जमीन खरीद की प्रक्रिया तेज हो, इसके लिए प्रदेश सरकार ने 1204 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया था।
अधिकारियों के मुताबिक, निर्माण शुरू करने के लिए करीब 85 प्रतिशत जमीन चाहिए। इसके बाद यूपीडा को रिपोर्ट भेज दी जाएगी, जिसके बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी। अगले तीन से चार महीने में निर्माण शुरू हो सकता है। निर्माण के बाद गंगा एक्सप्रेसवे के जरिए मेरठ, बागपत, अलीगढ़ से भी सीधे लोग एयरपोर्ट पहुंच सकेंगे।
-
लिंक एक्सप्रेसवे : फैक्ट फाइल
- 74.3 किमी. लंबा एक्सप्रेसवे बुलंदशहर के स्याना पर गंगा एक्सप्रेसवे से लिंक होगा
- 20 किमी. लंबाई में यमुना सिटी से गुजरते हुए सेक्टर-21 के पास यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा
- 6 लेन के एक्सप्रेसवे में जरूरत के मुताबिक सर्विस लेन का विकल्प भी रहेगा