ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो प्राधिकरण ने छह औद्योगिक भूखंडों की योजना निकाली है। योजना सफल रही तो 74.5 एकड़ जमीन आवंटित की जाएगी। इन पर करीब 521 करोड़ रुपये का निवेश होगा और 4000 लोगों को रोजगार मिल सकेगा। प्राधिकरण के एसीईओ दीपचंद्र ने बताया कि योजना में ऑनलाइन आवेदन करने होंगे। आवेदनकर्ता (https://www.greaternoidaauthority.in) और निवेश मित्र (https://niveshmitra.up.nic.in/) पर शुक्रवार से आवेदन कर सकते हैं। दो जुलाई आवेदन की अंतिम तिथि है।
इसके बाद आवेदनों की जांच कर जुलाई में ही आवंटन भी कर दिए जाएंगे। ये सभी प्लॉट सेक्टर ईकोटेक-10 में हैं। प्लॉट नंबर 91ए व 91बी 10 एकड़ के प्लॉट हैं। प्लॉट नंबर 92 व 95 दोनों 20-20 एकड़ के प्लॉट हैं। प्लॉट नंबर 93 का कुल एरिया 13 एकड़ है और प्लॉट नंबर 94 का एरिया 1.5 एकड़ है। प्राधिकरण ने सभी प्लॉटों पर सात करोड़ रुपये एकड़ निवेश की शर्त रखी है। इस लिहाज से अगर ये सभी प्लॉट आवंटित हुए तो करीब 521 करोड़ रुपये का निवेश होगा और करीब 4000 लोगों को रोजगार मिल सकेगा। इन भूखंडों की जानकारी प्राधिकरण की वेबसाइट और जीआईएस पोर्टल पर भी अपलोड की गई है।
प्रदर्शनियों और सम्मेलनों के लिए एक्सपो मॉर्ट तैयार
कोरोना के कारण बीते 16 महीनों से इंडिया एक्सपो सेंटर एवं मॉट में व्यापार मेलों, सम्मेलनों और प्रदर्शनियों से संबंधित भौतिक गतिविधियां पूरी तरह बंद हैं, लेकिन अब दिल्ली-एनसीआर स्थित प्रदर्शनी स्थल और कन्वेंशन सेंटर यानी इंडिया एक्सपो सेंटर और मॉर्ट में भौतिक प्रदर्शनियों और सम्मेलनों के लिए तैयार है। भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय ने सोमवार को ट्वीट में इंडिया एक्सपोजिशन मॉर्ट को एमआईसीई (माइस) आयोजनों के लिए अग्रणी स्थल के रूप में माना है। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मॉर्ट और हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद के महानिदेशक डॉ. राकेश कुमार ने आशा व्यक्त की है कि इस तरह की सकारात्मक पहल से देश में प्रदर्शनियों और सम्मेलनों के आयोजन में मदद मिलेगी।