सस्ती कार बेचने के नाम पर तीन लाख की लूट
पुन्हाना। जिले में सोशल साइट पर सस्ती कार का लोभ दिखाकर लोगों को लूटने का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को एक बार फिर सस्ती कार बेचने के लिए मेवात बुलाए गए अलीगढ़ के तीन लोगों से तीन लाख रुपये और मोबाइल फोन लूटने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने बंदूक की नोंक पर लूट को अंजाम दिया। बिछौर थाने की पुलिस ने गांव तिरवाड़ा निवासी साहिद, रहीश, साकिर, बुगगा और बरबादी के खिलाफ हथियार के बल पर तीन लाख रुपये और दो मोबाइल फोन लूटने का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
बिछौर थाना प्रभारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के जिला अलीगढ़ के गांव जटरी टपल निवासी हरेंद्र पुत्र बिजेेंद्र ने अपनी लिखित शिकायत में बताया कि उन्हें पुरानी बोलेरो कार खरीदनी थी। उन्होंने ओलेक्स पर अपनी जरूरत के मुताबिक पुरानी बोलेरो कार देखी, जो उन्हें पसंद आ गया। साइट पर दिए गए मोबाइल नंबर पर उन्होंने संपर्क किया जहां तीन लाख रुपये में सौदा तय हो गया। हरेंद्र अपने दो अन्य साथियों के साथ बाइक से पुन्हाना पहुंचा, जहां से आरोपी उनको डूडोली के नजदीक ले गए। उनलोगों ने बोलेरो कार देखने के बाद ही तीन लाख रुपये देने की बात कही लेकिन आरोपियों ने तीनों पीड़ितों से हथियार के बल पर तीन लाख रुपये और दो मोबाइल लूट लिए।
-----------------
पीड़ित हरेंद्र की शिकायत पर गांव तिरवाड़ा निवासी साहिद, रहीश, साकिर, बुगगा और बरबादी के खिलाफ हथियार के बल पर तीन लाख रुपये और मोबाइल लूटने का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
अशोक कुमार, डीएसपी पुन्हाना।