जिले के दो अलग क्षेत्रों से ट्रक और कार में मिली अवैध शराब की खेप
- नूंह-तावडू रोड स्थित रिपीटर नाका और रेवासन स्थित केएमपी पुल से किया काबू
अमर उजाला ब्यूरो
नूंह। स्पेशल स्टाफ-1 और सीआईए पुलिस ने जिले के दो अलग-अलग क्षेत्रों से अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद की है। नूंह स्पेशल स्टाफ-1 ने रविवार देर शाम ट्रक से अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। सोमवार को दोनों आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें भौंडसी जेल भेज दिया। वहीं दूसरी ओर रेवासन स्थित केएमपी पुल से नूंह सीआईए पुलिस ने सेंट्रो कार से अवैध शराब की 30 पेटी बरामद की है। चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया।
स्पेशल स्टाफ-1 के इंचार्ज विजयपाल ने बताया कि रविवार शाम 6:30 बजे के आसपास सूचना मिली की तावडू रोड की ओर से ट्रक में भरकर अवैध शराब ले जाया जा रहा है। इसी आधार पर एएसआई मुकेश, हवलदार अमर सिंह, महेश और सिपाही दीपचंद की टीम नूंह-तावडू रोड स्थित रिपीटर नाके पर पहुंची। इसी दौरान तावडू रोड की ओर से आ रहे ट्रक संख्या आरजे-32-जीए-8510 को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने ट्रक नहीं रोकते हुए बैरिकेट और पुलिस की गाड़ी में टक्कर मार दी। इस बीच पुलिस ने ट्रक चालक जुबैर गांव गाडपुर (अलवर) व परिचालक रवि गांव मातमहेल (झज्जर) को काबू कर लिया। पूछताछ में चालक ने बताया कि रोहतक सब्जीमंडी से ट्रक में आलू भरकर बंगाल के सिल्लीगुड़ी जा रहे हैं। पुलिस ने ट्रक की जांच की तो आलू की बोरियों के नीचे 367 पेटी अंग्रेजी शराब की 4404 बोतलें बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अवैध शराब व ट्रक जब्त कर लिया।
वहीं दूसरी ओर रेवासन स्थित केएमपी पुल से नूंह सीआईए पुलिस ने सेंट्रो कार से अवैध शराब की 30 पेटी बरामद की है। चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अवैध शराब और कार जब्त कर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। फिलहाल आरोपी चालक का पता नहीं लग पाया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। नूंह सीआईए इंचार्ज अब्बास खान ने बताया कि सूचना मिली कि तावडू की ओर से केएमपी पुल होते हुए सेंट्रो कार में अवैध शराब भरकर आ रही है। सूचना पर टीम केएमपी पुल पर पहुंची और नाका लगाया। इस दौरान तावडू की ओर से आ रही सफेद रंग की सेंट्रो को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने नाका तोड़ते हुए गाड़ी तेज गति में भगा ली। पुलिस ने 200 मीटर तक उसका पीछा किया। पुलिस को पीछे से आता देख चालक कार छोड़कर केएमपी से नीचे उतरकर खेतों में भाग गया। पुलिस ने कार की जांच की तो शराब की 30 पेटी बरामद हुई। अब्बास खान ने बताया कि मामले से जुड़े आरोपी का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।