हेडिंग: वाहन की कीमत से दोगुने तक हो गया है टैक्स
4000 वाहन स्वामियों को टैक्स जमा न करने पर आरसी के लिए नोटिस देने शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। राजस्व वसूली के लिए परिवहन विभाग ने 4000 टैक्स बकायेदारों को नोटिस जारी करने शुरू कर दिए हैं। साथ ही, चेतावनी दी है कि अगर एक माह में टैक्स जमा करना शुरू नहीं किया तो 25 दिसंबर के बाद आरसी जारी कर दी जाएंगी। इन टैक्स बकायेदारों में कई ऐसे वाहन हैं जिनकी कीमत से दोगुना टैक्स हो चुका है।
दरअसल, परिवहन विभाग के करीब नौ हजार वाहनों पर 5 करोड़ रुपये से अधिक टैक्स बकाया है। इनमें हजारों वाहन ऐसे हैं जिनकी समय सीमा भी पूरी हो चुकी हैं, लेकिन लोगों ने टैक्स जमा नहीं किया है। जबकि टैक्स पर हर रोज 50 रुपये की पेनाल्टी लग जाती है और इससे टैक्स अधिक हो जा रहा है, लेकिन बावजूद वाहन मालिकों ने न तो वाहनों को डी रजिस्टर कराया है और न ही उनका टैक्स जमा कराया है। इससे टैक्स की राशि लगातार बढ़ रही है। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे वाहन स्वामियों को एक माह में टैक्स जमा कराने के लिए नोटिस जारी किया जा रहा है। यदि एक माह में टैक्स जमा नहीं किया तो उनकी आरसी जारी कर दी जाएगी।
----------
टैक्स जमा न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। पहले चरण में 4000 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। यदि एक माह में टैक्स जमा नहीं करते हैं तो आरसी जारी कर दी जाएगी।
- हिमेश तिवारी, एआरटी प्रवर्तन नोएडा