आरडब्ल्यूए कोना
सेक्टर-34 अरावली में मेन गेट व मूर्ति की स्थापना
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। सेक्टर-34 स्थित अरावली बी-3 सोसायटी में मेन गेट का निर्माण कराया गया है। इसके साथ ही सोसायटी के बाहर गणेश मूर्ति की स्थापना भी की गई। इस दौरान सोसायटी व अन्य सेक्टर के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि सारा खर्च आरडब्ल्यूए व सोसायटी के लोगों द्वारा किया गया। सोसायटी के मेन गेट पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। साथ ही लाइटिंग व फव्वारे भी लगाए गए हैं।
गढ़ी चौखंडी व सलारपुर में समस्याओं का अंबार
नोएडा। सेक्टर के साथ-साथ शहर के गांवों का भी बुरा हाल हो रखा है। सलारपुर व गढ़ी चौखंडी में सड़कों की हालत खस्ता हो रखी है। लोगों को पैदल आने-जाने में भी परेशानी हो रही है। सलारपुर निवासी लव अग्रवाल ने बताया कि पानी सड़कों पर भरा हुआ है, जो निकलने का नाम नहीं ले रहा। भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के उपाध्यक्ष रवि यादव ने बताया कि गांव में सामुदायिक केंद्र व प्राइमरी स्कूल की बिल्डिंग जर्जर हैं, बारिश के समय सड़कों पर जलभराव जैसी कई समस्याएं हैं। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन वह सुनने को तैयार नहीं हैं। गांव में सांसद व विधायक भी निरीक्षण कर चुके हैं। इसके बाद भी कोई काम नहीं हो रहा।
सेक्टर में पानी की समस्या बरकरार
नोएडा। सेक्टर में पानी की समस्या से लोगों को अधिक परेशानी हो रही है। यहां लोगों को सीवर का पानी सप्लाई किया जा रहा है, जो किसी लायक नहीं है। फोनरवा अध्यक्ष एनपी सिंह ने बताया कि पानी की समस्या को लेकर वह जल्द ही जल विभाग से मुलाकात करेंगे। आए दिन पाइप लाइन लीकेज होना व गंगाजल की सप्लाई ठप हो जाती है, जिस कारण लोगों को पानी की किल्लत हो रही है। ऐसे में योजना बनानी चाहिए, जिससे लोगों को काम के अनुसार पानी मिल सके।