कुत्ते भौंकने के विवाद में बिहारी कहने पर युवक की हत्या
गुरुग्राम। बिहारी कहने पर दो युवकों ने सोमवार की रात एक युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि कुत्ते के भौंकने पर विवाद शुरू हुआ था। इसके बाद भोलू और चेतन ने चाकू मारकर विनोद की हत्या कर दी। विवाद के दौरान विनोद ने भोलू को बिहारी कहकर दुत्कारा था।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी फरार हैं। इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस की तीन टीमें आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही हैं। बिहार निवासी विनोद देर रात बख्तावर चौक के पास से गुजर रहा था। इस दौरान उस पर कुत्ता भौंकने लगा। इस पर विनोद ने कुत्ते को पत्थर मार दिया। तभी भोलू झुग्गी से बाहर निकलकर विनोद से झगड़ने लगा। इसी दौरान विनोद ने भोलू को बिहारी कह दिया। इस पर भोलू भड़क उठा और दोनों में हाथापाई होने लगी। थोड़ी देर बाद भोलू का दोस्त चेतन झुग्गी से चाकू लेकर आ गया। इस दौरान चेतन ने विनोद पर चाकू से वार कर दिया, जिसमें वह घायल होकर नीचे गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद से दोनों फरार हो गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के उपरांत डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भोलू भी बिहार का ही रहने वाला है जबकि चेतना स्थानीय युवक है। इंस्पेक्टर सुरेश चंद ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपियों की तलाश में तीन टीमें छापेमारी कर रही हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।