शहर में जाम लगाने पर एक हजार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
गुरुग्राम। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों से खफा दलित समाज के लोगों द्वारा सोमवार को शहर में एक्सप्रेस-वे सहित अन्य स्थानों पर जाम लगाया गया था। इस पर पुलिस प्रशासन ने सोमवार देर रात तक कार्रवाई करते हुए एक हजार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह मामला सिविल लाइन व सेक्टर-40 थाने में दर्ज हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फोटो और वीडियो के जरिये जाम लगाने वाले लोगों की पहचान की जा रही है।
पुलिस के अनुसार एससी/एसटी एक्ट पर सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का दलित समाज विरोध कर रहा है। इसको लेकर सोमवार को दलित समाज ने राजीव चौक, कन्हेई चौक, बसई रोड, सोहना चौक सहित शहर के अन्य स्थानों पर जाम लगा दिया था। इस दौरान दलित समाज के नेताओं द्वारा लोगों को उकसाकर जाम लगाने को लेकर भड़काऊ भाषण भी दिया था। इस पर मौके पर मौजूद ड्यूटी मजिस्ट्रेट द्वारा उन्हें समझाकर जाम खोलने की भी अनेक बार अपील की गई थी। बावजूद इसके यह लोगों को उकसाकर जाम लगवा रहे थे। इस पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने पुलिस से मामला दर्ज करने की सिफारिश की थी।
इस पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने खांडसा निवासी सतपाल तंवर, नरसिंहपुर निवासी डॉ. अनिल तंवर, चक्करपुर निवसी सोनू उर्फ बादशाह, राजेंद्रा पार्क निवासी श्यामलाल, द्रोणाचार्य कॉलेज प्रोफेसर कल्याण, सेक्टर-4 पूर्व प्रधान जितेंद्र कुमार, कन्हेई निवासी धर्मबीर प्रवाल, राजेंद्रा पार्क निवासी प्रदीप दहिया सहित अन्य 500 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जबकि सेक्टर-40 थाना पुलिस ने कन्हेई ट्रैफिक सिग्नल पर जाम लगाने पर कन्हेई निवासी अमित, सुरेश, गीतानंद, रिंकू, त्रिलोक, अनिकेत बासू, राकेश सहित करीब 70 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उधर, सोहना चौक पर जाम लगाने सहित सदर बाजार को बल पूर्वक बंद कराने पर शहर थाना पुलिस कार्रवाई कर रही है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में करीब एक हजार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। डीसीपी क्राइम सुमित कुहाड़ ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।