कंपनी सुपरवाइजर के खाते से ऑनलाइन निकाले हजारों रुपये
गुरुग्राम। कंपनी के सुपरवाइजर से ऑनलाइन धोखाधड़ी कर बैंक खाते से रुपये निकालने का मामला साइबर थाना पुलिस ने दर्ज किया है। सुपरवाइजर ने ऑनलाइन वॉलेट की राशि बैंक अकाउंट में ट्रांसफर करवाने के लिए एयरटेल के कॉल सेंटर में फोन किया था। यहां उन्हें जानकारी मिली उनके बैंक अकाउंट में जमा राशि निकल गई। इस पर जब उन्होंने कॉल सेंटर कर्मी से बात की तो वह अभद्रता करने लगा। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार हाथरस निवासी सोमबीर ने कहा कि वह मानेसर में रहते हैं और रूकसिन टिटस इंडिया कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर तैनात हैं। 24 मार्च को एयरटेल पेमेंट मनी बैंक से किसी व्यक्ति को 1 हजार रुपये ट्रांसफर कर रहे थे, लेकिन यह रुपये ट्रांसफर नहीं हुए। इस पर उन्होंने गूगल के जरिए एयरटेल मनी बैंक का टोल फ्री नंबर निकालकर कस्टमर केयर का मोबाइल नंबर पर शिकायत दी। आरोप है कि शिकायत के दौरान उन्हें कंप्यूटर पर एक लिंक खोलने को कहा गया, जिसमें उनकी ईमेल आईडी व मोबाइल नंबर भरवाया गया। इसके बाद मोबाइल पर एक ओटीपी कोड आया। यह ओटीपी नंबर ऑटोफिल हो गया। कुछ देर में उनके मोबाइल पर मैसेज आया, जिसमें उनके बैंक खाते से 80554 रुपये निकल गए। इसके बाद जब उक्त नंबर पर बात की गई तो कर्मी ने गाली गलौच करनी शुरू कर दी। इस पर उसने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-------