ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी से धोखाधड़ी, चार पर मामला दर्ज
गुरुग्राम। ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी शॉपक्लूज से मोबाइल सहित अन्य सामान मंगवाकर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी सामान वापस भेजने के नाम पर नकली सामान भेजकर राशि क्लेम करते थे। पुलिस ने कंपनी अधिकारियों की शिकायत पर 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी शॉपक्लूज के अधिकारियों ने शिकायत में कहा कि उनकी वेबसाइट के जरिए दिल्ली निवासी नितेश ने आई फोन बुक किया था। इसके लिए 89 हजार रुपये का एडवांस पेमेंट किया था। प्रोडक्ट इनके पास पहुंचने के बाद इन्होंने मोबाइल वापस करने की रिक्वेस्ट की, जिस पर कंपनी ने मोबाइल वापस मंगवाते हुए इनका पेमेंट रिफंड कर दिया। इसके अलावा सोनीपत निवासी अतुल ने 78449 रुपये से कैमरा व लैंस, सोनीपत निवासी अमित सक्सेना ने 59999 रुपये से आई फोन, अमन ने 55898 रुपये से आईफोन बुक कराया था। इन्होंने भी सामान इनके पास पहुंचने के बाद इसको वापस करने की रिक्वेस्ट की। इस पर कंपनी ने उक्त लोगों के सामान वापस मंगवाकर इनके रूपये वापस कर दिए। जब इन्हें दिए हुए मोबाइल व कैमरे कंपनी में पहुंचे और उनकी जांच की गई तो सभी सामान बदले हुए थे। असली सामान निकालकर नकली (लोकल) सामान रखा हुआ था। इस पर उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामले को जांच में सही पाया। इस पर साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
------