-भीषण गर्मी के चलते बीमार हो रहे बच्चे
-करीब 180-200 मरीजों को भर्ती किया जा रहा
माई सिटी रिपोर्टर
नोेएडा। शहर के चाइल्ड पीजीआई की ओपीडी में गर्मी के चलते बच्चों में बुखार, उल्टी और लूज मोशन के मामले सबसे ज्यादा पहुंच रहे हैं। रोजाना करीब 700 ओपीडी में से अधिकांश मामले सिर्फ इन्ही समस्याओं के इस समय आ रहे हैं। वहीं करीब 180-200 मरीजों को रोजाना भर्ती किया जा रहा है।
सेक्टर 30 स्थित चाइल्ड पीजीआई के निदेशक डॉ एके सिंह ने बताया कि इन दिनों रोजाना ओपीडी से लेकर भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। वहीं टीम भी पूरी तरह से बच्चों की देखभाल कर रही है। डॉ एके सिंह ने बताया कि इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। ऐसे में थोड़ी भी लापरवाही बच्चों पर भारी पड़ सकती है। ऐसे में प्रयास रहे कि वह तेज धूप के दौरान बच्चों को लेकर बाहर अनावश्यक बिल्कुल भी न निकालें। साथ ही उन्हें नियमित रूप से पेय पदार्थ जैसे दूध व अन्य प्रोटीन युक्त हल्का पेय पदार्थ दें, ताकि उनकी भूख भी मिट जाए और गर्मियों में उन्हें दिक्कत भी न हो।
आपातकालीन द्वार के पास बह रहा सीवर
सोमवार को चाइल्ड पीजीआई परिसर के आपातकालीन द्वार के पास सीवेज चेंबर ओवर फ्लो हो रहा है। इसके चलते वहां से लोगों का निकलना दूभर है। ऐसे में गंदे पानी से फैलने वाली बीमारियों के बीच आखिर बच्चे कैसे स्वस्थ होंगे, इस पर लोगों में चिंता बनी है।