ऑनलाइन व्यवस्था शुरू, पुस्तकें घर मंगवाने के लिए नहीं लिया जाएगा अतिरिक्त शुल्क
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। यूपी बोर्ड के विद्यार्थियों को अब किताबों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। बोर्ड ने नए शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा नौ से 12वीं तक की एनसीईआरटी किताबों की ऑनलाइन उपलब्धता के साथ और उसकी होम डिलीवरी व्यवस्था शुरू की है। विद्यार्थी घर बैठे ही ऑनलाइन किताबें खरीद सकते हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि अंग्रेजी, विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान, इतिहास, भूगोल, नागरिक शास्त्र, अर्थशास्त्र समेत 36 विषयों की करीब 70 एनसीईआरटी पुस्तकें ऑनलाइन हैं। हिंदी, संस्कृत और उर्दू विषयों की पुस्तकें भी विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से उपलब्ध होंगी। पुस्तकों के मुद्रण और वितरण की जिम्मेदारी तीन प्रमुख प्रकाशकों को सौंपी गई है। छात्र अमेजन और Pioneerbooks.in पोर्टल पर किताबें ऑर्डर कर सकेंगे। खास बात यह है कि होम डिलीवरी के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।
पाइरेसी और नकली किताबों पर भी कार्रवाई
किताबों की कॉपीराइट सुरक्षा को लेकर भी सख्ती की गई है। अगर कोई प्रकाशक या दुकानदार नकली किताबें छापता या बेचता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कॉपीराइट एक्ट के तहत भी केस दर्ज किया जा सकता है। अभिभावकों और छात्रों को जागरूक करने के लिए जिले में पुस्तक जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में अधिकृत प्रकाशकों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि सही किताबें सीधे छात्रों तक पहुंच सकें।