-एफएनजी रोड परियोजना को आगे बढ़ाने की कवायद प्राधिकरण करेगा शुरू
-करीब 200 करोड़ रुपए होगी अनुमानित लागत
-कंसल्टेंट तैयार कराएगा डीपीआर
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-63 छिजारसी में 650 मीटर लंबा एलिवेटेड रोड बनेगा। फरीदाबाद-नोएडा-गाजियाबाद (एफएनजी) रोड परियोजना के अंतर्गत नोएडा प्राधिकरण इसके लिए जल्द से जल्द प्रक्रिया शुरू करेगा। पूरा होने पर एफएनजी रोड परियोजना को लाभ होगा। वहीं नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद से आने-जाने वाले लोगों के लिए भी सुविधा होगी।
हिंडन पुश्ता पर दोनों ओर 10 मीटर चौड़ा कैरेज-वे पहले से निर्मित है। हालांकि परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए यहां एलिवेटेड रोड प्रस्तावित है। यह एलिवेटेड रोड छिजारसी की व्यस्त सड़क के ऊपर से निकलेगा। दरअसल, वर्ष 2015 में गाजियाबाद से नोएडा होकर फरीदाबाद जाने के लिए एफएनजी बनाने की घोषणा की गई थी। इसी वर्ष एफएनजी का काम भी शुरू हो गया था। गाजियाबाद के पास नेशनल हाइवे 9 के पास छिजारसी कट से एफनजी का काम शुरू हुआ था। उसी समय यहां एलिवेटेड रोड बनाने की योजना बनी।
पहले 61 करोड़ तो अब करीब 200 करोड़ का आकलन
करीब 12 वर्ष पहले इस परियोजना का ड्राफ्ट तैयार किया गया। फिर तीन वर्ष बाद काम शुरू हुआ। जब काम शुरू हुआ तो प्रस्तावित एलिवेटेड रोड परियोजना की अनुमानित लागत 61 करोड़ आंकी गई थी। लेकिन उस समय एलिवेटेड रोड बनाने पर सहमति नहीं बन पाई। अब जबकि इस परियोजना को परवान चढ़ाने की उम्मीद जगी है तो इसकी अनुमानित निर्माण लागत करीब 200 करोड़ रुपए आंकी जा रही है। हालांकि डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) के माध्यम से इसकी अंतिम तौर पर निर्माण लागत का पता चलेगा।
एनएच-9 को मेरठ एक्सप्रेसवे से जोड़ने की योजना
नोएडा में एफएनजी का आखिरी सिरा छिजारसी कट के पास से गुजरने वाले मेरठ एक्सप्रेसवे से जाकर मिलता है। इसके बाद यह आगे जाकर गाजियाबाद में प्रवेश कर जाता है। संभव है कि एलिवेटेड का सिरा बहलोलपुर अंडरपास से छिजारसी कट तक हो। बताया जा रहा है कि पुरानी सड़क के ऊपर से यह एलिवेटेड रोड निकलेगा।
जाम से मिलेगी मुक्ति
छिजारसी कट से नोएडा की ओर जाने पर दो लेन की सड़क पहले से निर्मित है। यहां अतिक्रमण होने की वजह से यह सड़क और पतली हो गई है। यहां अमूमन रोजाना जाम लगता है। इस सड़क के दोनों ओर दुकानें निर्मित हैं। लिहाजा यहां भीड़भाड़ रहती है। अगर यह एलिवेटेड रोड तैयार होता है तो सीधे गाजियाबाद निकलने वालों को जाम से मुक्ति मिलेगी।
कंसल्टेंट तैयार करेगा डीपीआर
नोएडा प्राधिकरण के वर्क सर्किल-4 की ओर से चयनित कंसल्टेंट छिजारसी पर प्रस्तावित डीपीआर तैयार करेगा। इस डीपीआर में परियोजना की डिजाइन के अलावा इसकी निर्माण लागत का आकलन भी किया जाएगा। डीपीआर में परियोजना को पूरा होने में लगने वाले संभावित समय का भी जिक्र होगा।
नोएडा के इन सेक्टरों को होगा फायदा
औद्योगिक सेक्टर-63, 64, 65, 66, 67, 68, 80, 81, 83, 84, 85, 86, 87, 88, 89, 90 आदि सेक्टरों के निवासियों को इस एलिवेटेड रोड से फायदा होगा। उनको सिग्नल फ्री सफर का मौका मिलेगा।
एफएनजी पर एक और एलिवेटेड रोड प्रस्तावित
हिंडन डूब क्षेत्र में एक और एलिवेटेड रोड प्रस्तावित है। यह 5.665 किलोमीटर लंबा होगा। छह लेन के एलिवेटेड रोड की अनुमानित लागत 633 करोड़ आंकी गई है। इसके लिए सिंचाई विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र अपेक्षित है। इसके अलावा यहां भूमि का अर्जन भी होना है। इस वजह से अभी इस एलिवेटेड रोड का काम ठंडे बस्ते में है।