माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान जारी है। बृहस्पतिवार को विभाग की टीमों ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा में विभिन्न स्थानों पर जांच की। इस दौरान पनीर और छेना रसगुल्ले के छह नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए। वहीं, कासना स्थित बीकानेर स्वीट्स में जांच के दौरान दूषित मिले करीब 65 किलोग्राम रसगुल्ले नष्ट कराए गए।
सहायक आयुक्त खाद्य-2 सर्वेश मिश्रा ने बताया कि बुधवार रात खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, विजय बहादुर पटेल और रविंद्र नाथ वर्मा की टीम ने जेवर टोल पर अलीगढ़ के टप्पल स्थित भोले डेयरी की गाड़ी को रोका। गाड़ी में पनीर लदा था, जिसे दिल्ली ले जाया जा रहा था। टीम ने पनीर का एक नमूना लिया। इसके अलावा मथुरा की मां दुर्गा डेयरी और अवनीश डेयरी के पनीर के भी एक-एक नमूने लिए गए।
बृहस्पतिवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज की टीम ने फेज-2 स्थित नोएडा सब्जी मंडी में हामिद की दुकान से पनीर का नमूना लिया। वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह की टीम ने जेवर टोल प्लाजा पर विजेंद्र मिल्क प्रोडक्ट्स, शाहपुर कलां, खुर्जा (बुलंदशहर) की गाड़ी से पनीर का नमूना लिया।
जांच में दूषित मिले रसगुल्ले
खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता और रितु सक्सेना की टीम ने कासना स्थित बीकानेर स्वीट्स पर छापा मारा। यहां छेना रसगुल्ले का नमूना लिया गया। जांच के दौरान करीब 65 किलोग्राम रसगुल्ले दूषित पाए गए। टीम ने इन्हें मौके पर ही नष्ट करा दिया। सहायक आयुक्त ने बताया कि अभियान के दौरान लिए गए सभी छह नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।