ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली क्षेत्र में अजनारा होम सोसाइटी के पास गुरुवार को चलती कार में अचानक आग लग गई। आग लगने के दौरान कार में सवार दंपति को तुरंत मौके पर मौजूद बिसरख कोतवाली पुलिस और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते कार सवारों को बाहर निकालने से बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग के कारण कार पूरी जल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार अजनारा होम्स के पर सड़क पर चल रही थी। इसी दौरान अचानक उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। कार में दंपति के फंसे होने की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी सक्रिय हो गए। उन्होंने तत्काल कार से दंपति को बाहर निकाला। इसके बाद दमकल विभाग को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। सीएफओ प्रदीप ने चौबे ने बताया कि सीएनजी कार में आग लगी थी। दो गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया। कोई जनहानि नहीं हुई है। ब्यूरो