संशोधित : हिमाचल सहित अन्य के लिए
------------------------
हेडिंग: सोसायटी की पांचवीं मंजिल से गिरकर इंजीनियर की मौत
31 दिसंबर की रात को फ्लैट में चल रही थी दोस्तों के साथ पार्टी
मोबाइल पर बात करते हुए शराब के नशे में नीचे गिरने की आशंका
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। सेक्टर-120 स्थित आम्रपाली जोडियक सोसायटी की पांचवीं मंजिल से गिरकर एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना के वक्त इंजीनियर कुछ दोस्तों के साथ नए साल की पूर्व संध्या पर पार्टी कर रहा था। मौके पर पहुंची कोतवाली फेज थ्री पुलिस उसे अस्पताल ले गई जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। दोस्तोें का कहना है कि शराब के नशे में मोबाइल पर बात करने के दौरान फिसलने से वह नीचे गिर गया।
पुलिस के अनुसार, मूलरूप से डाढ़, थाना पालमपुर जिला कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश निवासी व ग्रेटर नोएडा की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर विवेक परमार (28) सेक्टर-120 स्थित आम्रपाली जोडियक सोसायटी की पांचवीं मंजिल में रहता था। उसके साथ फ्लैट में शिवम व एक अन्य युवक रहता था। साथ में रहने वाले दोनों युवक नए साल पर घर गए हुए थे। सोमवार रात को विवेक दोस्त यश, शुभम, प्रदीप, मणि कुमार, सार्थक, हर्ष आदि पार्टी करने आए थे। 12 बजते ही पार्टी शुरू हो गई। पार्टी के दौरान विवेक समेत सभी दोस्तों ने शराब पी। तड़के करीब 4 बजे विवेक मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था। फ्लैट में म्यूजिक तेज होने के कारण वह बालकनी में चला गया। जब वह कुछ देर तक कमरे में नहीं आया तो दोस्त बालकनी में पहुंचे। नीचे देखा तो वह गिरा पड़ा था तब तक पुलिस मौके पर आ गई और उसे अस्पताल ले गई। दोस्त यश ने पुलिस को बताया कि सभी ने शराब पी रखी थी। आशंका है कि शराब के नशे में पैर फिसलने पर वह बालकनी से नीचे गिर गया। कोतवाली फेज थ्री के प्रभारी निरीक्षक अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच सभी एंगल से की जा रही है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।