23 संस्थानों ने पोर्टल पर आई शिकायतों का नहीं किया निस्तारण
सीसीएसयू ने संस्थानों की जारी की सूची, 10 जुलाई के बाद होगी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) ने संबद्ध शैक्षणिक संस्थानों को यूपी सरकार के जन सुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर आई शिकायतों का समय से निस्तारण करने का निर्देश दिया है। साथ ही पोर्टल पर आई समस्याओं का जुलाई शुरू होने तक निस्तारण नहीं करने वाले 23 संस्थानों की सूची भी जारी की है। सीसीएसयू ने संस्थानों को 10 जुलाई तक का समय दिया था।
सूची के मुताबिक, गौतमबुद्धनगर सहित विभिन्न जिलों के 23 संस्थानों ने अब तक आईजीआरएस पर मिली शिकायतों का निस्तारण कर विश्वविद्यालय को सूचित नहीं किया है। इसमें जिले के राधा गोविंद कॉलेज ऑफ एजुकेशन, कॉलेज ऑफ एजुकेशन बिलासपुर , मिहिर भोज जैसे संस्थान भी शामिल हैं। 10 जुलाई तक विश्वविद्यालय को शिकायत निस्तारण की सूचना उपलब्ध नहीं होती है तो इन कॉलेजों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
क्या है आईजीआरएस पोर्टल
प्रदेश सरकार ने लोगों की शिकायत निस्तारण के लिए आईजीआरएस पोर्टल बनाया है। इसमें शिक्षा विभाग सहित किसी भी विभाग से जुड़ी शिकायतों को दर्ज किया जा सकता है। इसका एक एंड्राइड एप भी है, जिस पर शिकायतें दर्ज की जा सकती हैं। शिकायतों का निस्तारण करने के लिए सरकार संबंधित विभागों को सूचना भेजती है। साथ ही निस्तारण के लिए एक निश्चित समय भी दिया जाता है।
ऐसे कर सकते हैं शिकायत -
शिक्षा विभाग या किसी अन्य विभाग से संबंधित दिक्कत पर आप आईजीआरएस की वेबसाइट http://jansunwai.up.nic.in/HomeE.html पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा आईजीआरएस का ऐप मोबाइल पर डाउनलोड कर भी अपनी बात राज्य सरकार तक पहुंचाया जा सकता है। विश्वविद्यालय को भी उससे जुड़े संस्थानों से संबंधित परेशानी भेज सकते हैं। इसके लिए विश्वविद्यालय की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाना होगा। यहां आपको कांटेक्ट अप का ऑप्शन मिलेगा। जिस पर दी गई मेल और नंबर के जरिए आप विश्वविद्यालय से संपर्क कर सकते हैं।