तावडू। घने कोहरे के कारण शुक्रवार सुबह कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस वे (केएमपी) पर धुलावट गांव टोल प्लाजा के करीब दो वाहनों की टक्कर होने से ट्रक चालक सहित उसमें सवार 6 लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए नगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बीते दो दिनों से क्षेत्र में घना कोहरा छाया हुआ है। शुक्रवार सुबह कोहरे की वजह से केएमपी एक्सप्रेस वे पर दो वाहन टकरा गए। हादसे में कुल 6 लोग घायल हो गए। जिनमें दो की हालत गंभीर बताई गई है। मेकवा खेड़ा के पीड़ित कंटेनर चालक मनोज ने बताया कि वह कानपुर यूपी से धारुहेड़ा हीरो कम्पनी में जा रहा था। गाड़ी में बिलासपुर जाने के लिए 5 अन्य लोग भी बैठे हुए थे।
शुक्रवार सुबह 6 बजे के करीब जब वह केएमपी एक्सप्रेस वे पर धुलावट टोल प्लाजा से आगे निकले तो घने कोहरे के कारण सड़क पर खड़े एक ट्रक से कंटेनर भीड़ गया। कोहरे की वजह से उसे ट्रक दिखाई नहीं दिया। हादसे में चालक सहित कंटेनर में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें लोगों की मदद से उपचार के लिए नगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
चिकित्सक डॉ. असफाक खान ने बताया कि दुर्घटना में मेकवा खेड़ा के कंटेनर चालक मनोज (36) के दोनों पैर फ्रै क्चर हो गए। जबकि मान सिंह (46) निवासी गांव नांगल, सोनू, कलस, समीर, सबदुहद (47) गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनके हाथ, पैर, सर में गंभीर चोटें लगी है।