रॉबर्ट्सगंज राजकीय बालिका इंटर कालेज में आरएफओ परीक्षा के पूर्व अभ्यर्थियों की जांच करती टीम।
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) एवं क्षेत्रीय वन अधिकारी (आरएफओ) की प्रारंभिक परीक्षा रविवार को जिले में दस केंद्रों पर कराई गई।
दो पालियों में हुई परीक्षा में 57 फीसदी अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। डीएम-एसपी ने केंद्रों का दौरा कर व्यवस्था देखी।
पहली पाली में सुबह साढ़े नौ बजे से परीक्षा के लिए दो घंटा पहले ही केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भीड़ जुटने लगी थी। गेट पर बायोमेट्रिक और आईरिश से सत्यापन के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। परीक्षा में सभी दस केंद्रों पर कुल 4128 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। पहली पाली में 1778 उपस्थित रहे।
वहीं दूसरी पाली में 1773 परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षा के दौरान डीएम बद्रीनाथ सिंह ने पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रॉबर्ट्सगंज और पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज मुड़िलाडीह के केंद्रों का निरीक्षण किया। एसपी अभिषेक वर्मा ने राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज चुर्क में बने दोनों केंद्रों का भ्रमण किया।
जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने चोपन स्थित गुरुद्वारा इंटर कॉलेज और रामगढ़ स्थित दो परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी के बीच परीक्षा हुई। बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से बढ़ौली चौराहे पर हेल्प डेस्क की स्थापना की गई थी।
यहां तैनात पांच स्पेशल एजुकेटर्स ने परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने में सहयोग किया। डीआईओएस ने बताया कि परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र से गड़बड़ी या अनुचित गतिविधि की कोई शिकायत नहीं मिली। परीक्षा पूर्णत: नकलविहीन और शांतिपूर्ण माहौल में हुई।