रिस्पॉन्स टाइम घटाने और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस उपस्थिति बढ़ाने पर जोर
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राजधानी में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से 55 नई पीसीआर मोबाइल पेट्रोल वैन (एमपीवी) और 156 रिफर्बिश्ड ओम्नी मोटरसाइकिलों को बेड़े में शामिल किया है। जय सिंह रोड स्थित पुलिस मुख्यालय पर आयोजित फ्लैग-ऑफ समारोह में पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि नई पीसीआर वैन और मोटरसाइकिलों की तैनाती से दूरदराज, संकरी गलियों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी व पहुंच दोनों में तेजी आएगी। इससे न सिर्फ शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई संभव होगी बल्कि पीसीआर यूनिट की दृश्यता और प्रभाव भी बढ़ेगा। 55 नई पीसीआर वैन को द्वारका, आउटर नॉर्थ, साउथ, साउथ-वेस्ट, रोहिणी, आउटर और साउथ-ईस्ट जिलों में भेजा गया है। यह वितरण उन इलाकों में पुलिस मूवमेंट और कवरेज बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया है जहां घटनाओं पर त्वरित प्रतिक्रिया बेहद जरूरी मानी जाती है। वहीं, भीड़भाड़ और संकरी गलियों में बेहतर गश्त और तुरंत हस्तक्षेप के लिए पीसीआर यूनिट ने 156 रिफर्बिश्ड ओम्नी मोटरसाइकिलों को फिर से तैनात किया है। ये संवेदनशील इलाकों में उपस्थिति बढ़ाने और पीक-आवर में तेज प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
पीसीआर वैन का बेड़ा 857 हुआ
नई वैन शामिल होने के बाद पीसीआर बेड़े की कुल संख्या 802 से बढ़कर 857 हो गई है। इसे दिल्ली पुलिस के आधुनिकीकरण, ऑपरेशनल दक्षता और नागरिक-हितैषी पुलिसिंग की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। बता दें कि पीसीआर दिल्ली पुलिस की वह इकाई है जो राजधानी में संकट, आपात स्थिति और अपराध की सूचना मिलने पर सबसे पहले मौके पर पहुंचती है। 24 घंटे तैनात यह यूनिट फील्ड सपोर्ट, गश्त, अपराध रोकथाम और त्वरित कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।