- यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो : तीसरे दिन पहुंचे 1,25,204 दर्शक
नंबर
89 करोड़ के 288 एमओयू पर शनिवार को हुए हस्ताक्षर
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के तीसरे दिन शनिवार को 1,25,204 दर्शक एक्सपो सेंटर पहुंचे। तीन दिन में दर्शकों की अब तक सबसे अधिक संख्या है। वहीं एग्जीबिटर्स को काफी ऑर्डर मिल रहे हैं। अब तक तीन दिन में विदेशी खरीदारों के साथ 212 करोड़ के 546 एमओयू पर हस्ताक्षर हुए हैं। इनमें रूस, अमेरिका, अफ्रीका समेत अन्य देशों के खरीदार शामिल हैं। ट्रेड शे में अब तक 5525 व्यापारिक पूछताछ हुई हैं। इस बार बी-2-सी में भी काफी ऑर्डर एग्जीबिटर्स को मिल रहे हैं।
ट्रेड शो के पहले दिन 49,000 तो दूसरे दिन 91,000 से अधिक दर्शक पहुंचे थे। शनिवार को छुट्टी होने के कारण ट्रेड शो में 1,25,204 दर्शक पहुंचे हैं। इनमें बिजनेस टू बिजनेस (बी-2-बी) वाले 35,368 खरीदार भी शामिल है। वहीं आयोजकों को रविवार को दर्शकों का आंकड़ा डेढ़ लाख के पार पहुंचने की उम्मीद हैं। वहीं प्रदेश के एमएसएमई मंत्री राकेश सचान ने बताया कि पहले दो दिन में ओडीओपी में अच्छी व्यवसायिक गतिविधि देखने को मिली है। तीन दिनों कुल 5,525 बिजनेस पूछताछ हुई है। इनमें तीसरे दिन शनिवार को ही 2,200 पूछताछ हुईं। वहीं तीसरे दिन 89 करोड़ के 288 एमओयू पर हस्ताक्षर हुए है। जबकि तीन दिन में अब तक 212 करोड़ के 546 एमओयू हो चुके हैं। अगले दो दिन में विदेशी खरीदारों के साथ बड़ी धनराशि के एमओयू होने की उम्मीद हैं।
बी-2-सी में भी मिल रहे है ऑर्डर
एक्सपोर्ट हॉल में 466 स्टॉल है। जहां पहले दिन 10,916 खरीदार पहुंचे और 30 हजार से अधिक पूछताछ हुई। हालांकि इसमें करीब 26 लाख के ही कारोबार की उम्मीद है। दूसरा दिन अच्छा रहा। 11305 खरीदार पहुंचे और 46005 पूछताछ हुई। इस दौरान बी-2-बी में 6118 ऑर्डर मिले। जो 20.77 करोड़ से अधिक के हैं।
फैशन शो और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समा
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में कारोबार के साथ-साथ मनोरंजन का भी तड़का लग रहा है। गेट नंबर तीन के पास सांस्कृतिक कार्यक्रम हो रहे हैं। जहां नृत्य के साथ शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति हो रही है। शनिवार को हॉल-2 में खादी फैशन शो का आयोजन हुआ। जिसका शुभारंभ एमएसएमई मंत्री राकेश सचान ने किया। फैशन शो में मॉडल ने खादी को एक पारंपरिक कपड़े को आधुनिक शैली और स्थिरता के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया। उधर शाम को मालिनी अवस्थी ने प्रस्तुति देकर दर्शकों को मनोरंजन किया।