-20 से 22 दिसंबर तक होगा आयोजन, शंघाई में हुआ ग्लोबल प्रमोशन
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। पैकेजिंग टेक्नोलॉजी में भारत तेजी से उभरता हुआ देश बनेगा। इसके लिए तमाम तरह के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी प्रयास के तहत उत्तर प्रदेश कोरोगेटेड बॉक्स एसोसिएशन की नोएडा इकाई और फेडरेशन ऑफ कोरोगेटेड बॉक्स मैन्युफैक्चरर्स (एफसीबीएम) के तत्वावधान में एफसीबीएम की 53वीं राष्ट्रीय कांग्रेस का आयोजन किया जाएगा। 20 से 22 दिसंबर तक आगरा में होने वाले आयोजन की तैयारियां शुरू हो गईं हैं।
यूपी कोरोगेटेड बॉक्स मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष ने कहा कि नोएडा आगामी दिनों में आगरा में प्रस्तावित 53वें एफसीबीएम मेगा इवेंट की तैयारी में जुट गया है। बुधवार को चीन के शंघाई शहर में इसका ग्लोबल प्रमोशन किया गया है। इसका आयोजन 20 से 22 दिसंबर 2025 के बीच जेपी होटल, आगरा में आयोजित होगी। इस आयोजन को लेकर देशभर के उद्योग जगत में खासा उत्साह है, लेकिन दिलचस्प बात यह है कि इस भारतीय आयोजन को हाल ही में चीन के शंघाई शहर में आयोजित सीनो कोरोगेटर-2025 ग्लोबल एग्जीबिशन में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमोट किया गया।
यूपी कोरोगेटेड बॉक्स मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष शीतल चौहान और कांफ्रेंस चेयरमैन सुशील सूद ने बताया कि इस आयोजन की जिम्ममेदारी यूपीसीबीएमए को सौंपी गई है। आगरा का यह सम्मेलन कई मायनों में ऐतिहासिक होने जा रहा है। इसमें 1500 से ज्यादा प्रतिनिधि और 100 से इवेंट पार्टनर्स की विशाल भागीदारी होगी। 50 हजार वर्ग फुट एरिया में भव्य एग्जीबिशन लगाया जाएगा। लाइव मशीन डेमो, नवीनतम तकनीक और भविष्य की इनोवेशन पर विशेष सत्र आयोजित होंगे। बायर-सेलर मीट जैसे इंटरैक्टिव फॉर्मेट भी होंगे।
-
चीन के शंघाई में हुआ प्रमोशन
सम्मेलन की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसका प्रमोशन हाल ही में चीन के शंघाई में आयोजित सीनो कोरोगेटर-2025 ग्लोबल एग्जीबिशन में किया गया। इस एग्जीबिशन में वैश्विक स्तर पर पैकेजिंग इंडस्ट्री की कंपनियों, तकनीकी प्रदाताओं और मैन्युफैक्चरर्स ने भाग लिया। भारतीय प्रतिनिधियों ने विशेष रूप से आगरा सम्मेलन का प्रचार करते हुए इसे एक वैश्विक इनोवेशन और नेटवर्किंग हब के रूप में प्रस्तुत किया।
बिजनेस डील व साझेदारियों की रखेगा नींव
बायर-सेलर मीटिंग्स, इंटरनेशनल नेटवर्किंग सेशन और व्यापारिक संवादों के जरिए यह सम्मेलन नए बिजनेस डील्स और रणनीतिक साझेदारियों की नींव रखेगा। सम्मेलन के दौरान कोरोगेटेड इंडस्ट्री को प्रभावित करने वाले अहम मुद्दों पर गहन मंथन होगा। कच्चे माल की कीमतों में अस्थिरता, सरकारी नीतियों का प्रभाव, पर्यावरणीय मानकों का अनुपालन, लॉजिस्टिक्स और ऑटोमेशन की चुनौतियां आदि पर चर्चा होगी।