बहजोई(संभल)। भव्य व संगीतमय विवाह कार्यक्रम में 650 वैवाहिक जोड़े एक-दूजे के हुए। इनमें 526 हिंदू जोड़ों ने विवाह वेदी के चारों ओर सात फेरे लिए। वहीं, 124 मुस्लिम जोड़ों ने निकाह कबूल किया। मौका था, नगर के बड़ा मैदान पर आयोजित किए गए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का।
रविवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम की शुरुआत जिले के प्रभारी मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने मां सरस्वती की प्रतिमा के सामने दीप जलाकर की। इसके बाद कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत की प्रस्तुति दी। इस बीच मुख्य आचार्य वीरेंद्र जोशी ने 64 पुरोहितों के साथ वैदिक मंत्रोच्चार करते हुए हिंदू जोड़ों का विवाह संपन्न कराया। वर-वधू ने एक दूसरे को जयमाला पहनाकर अग्नि के सात फेरे लिए।
वहीं, काजी मो. तालिब ने नौ मौलवियों के सहयोग से मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया। इस बीच प्रभारी मंत्री ने मंच पर बुलाकर वैवाहिक जोड़ों को पुष्प व पुस्तक समेत आशीर्वाद दिया। साथ ही, लोगों को संबोधित करते हुए सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव समेत पूर्व मंत्री अजीत कुमार राजू, जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह रिंकू, पूर्व जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह खडगवंशी, मंजू दिलेर चौहान व भुवनेश राघव ने भी विचार रखे।
इस बीच संगीत कलाकारों ने विवाह कार्यक्रम से जुड़े गीत सुनाए। बाद में वर व वधू समेत उनके साथ आए परिजन व रिश्तेदारों के लिए भोजन की व्यवस्था रही। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था के लिए इंस्पेक्टर अजीत कुमार सिंह मय पुलिस व पीएसी के तैनात रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव कुमार व चेतन्य कुमार चौहान ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री प्रतिनिधि रामपाल सिंह समेत कमल कुमार कमल, नरेंद्र कुमार एनके आदि रहे। वहीं, अधिकारियों में सीडीओ गोरखनाथ भट्ट समेत सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार, पीडी ज्ञान सिंह, डीएसडब्ल्यूओ तिनेज कुमार, डीएसटीओ रत्नेश कुमार, डीआईओ बृजेश कुमार व प्रभात मिश्रा, सुनील दिवाकर, डीएसओ शिवि गर्ग, डीडीईओ माधवी पांडेय आदि रहे।
-
प्रत्येक जोड़े पर खर्च हुए एक लाख रुपये
विभाग के मुताबिक मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना कार्यक्रम में प्रत्येक वैवाहिक जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च हुए। इनमें 60 हजार रुपये कन्या के खाते में दिए गए हैं। वहीं, 25 हजार रुपये का सामान तथा 15 हजार रुपये पंडाल व दावत आदि में खर्च हुए हैं।
बॉयोमेट्रिक उपस्थिति के लिए रही मारामारी
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में बड़ा मैदान पर ब्लॉकवार काउंटर बनाकर वैवाहिक जोड़ों की बॉयोमेट्रिक उपस्थिति ली जा रही थी। इस बीच कई ब्लॉकों के काउंटर पर लगी कतार में अधिक भीड़ होने के कारण वर व वधू को मारामारी झेलनी पड़ी। यह बात दीगर है कि समय-समय पर पुलिस व पीएसी के जवान मौके पर पहुंचकर व्यवस्था बनाने में सहयोग कर रहे थे।