जमानत पर निकले गैंग रेप के आरोपी ने की पीड़िता के अपहरण की कोशिश
- ग्रामीणों ने आरोपी के चंगुल से महिला को छुड़ाया और एक आरोपी को काबू किया
पुन्हाना। पलवल जिले के एक गांव की महिला के साथ कुछ महीने पहले सामूहिक दुष्कर्म करने वालों में से एक आरोपी ने अपने साले के साथ मिलकर बृहस्पतिवार देर रात पीड़िता के अपहरण की नाकाम कोशिश की। इस दौरान महिला के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने आरोपी के साले को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। फिलहाल बिछौर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपहरण करने का मामला दर्ज कर आरोपी साले को गिरफ्तार कर उसे शुक्रवार को अदालत में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
जांच अधिकारी प्रकाश चंद ने बताया कि पलवल जिले के एक गांव की महिला के साथ करीब 6 लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। जिसका मामला थाना चंाद हट में दर्ज है। पुलिस ने गांव मन्नाकी थाना हथीन जिला पलवल निवासी कय्यूम नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था जो हाल में जमानत पर छूट कर आया है। वहीं पीड़िता महिला आरोपियों के डर की वजह से बिछौर थाने के अंतर्गत एक गांव में अपने पति के साथ अपनी ननद के पास रह रही है। आरोपी कय्यूम ने अपने साले गांव छायंसा निवासी यूसुफ के साथ मिलकर देर रात कट्टे की नोंक पर महिला का अपहरण कर उसे अपनी बाइक पर बैठा लिया। जैसे ही महिला को आरोपी लेकर चलने लगे तो उसने शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने आरोपियों में एक यूसुफ को पकड़ लिया और महिला को छुड़ा लिया जबकि दूसरा आरोपी रात के अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।