सूचना के बाद मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने 13 लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी तीन कैंटर में लगभग 200 मवेशियों को ले जा रहे थे। सभी आरोपी हापुड़, बुलंदशहर और भरतपुर निवासी हैं और मवेशियों को मथुरा के गोवर्धन से बुलंदशहर ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने बताया कि दोपहर में भाजयुमो जिला महामंत्री मोनू गर्ग अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से ग्रेटर नोएडा जा रहे थे। रास्ते में झाजर रोड पर लोगों ने तीन गाड़ियों में गोवंश लदे होने की सूचना दी। जिसके बाद मोनू गर्ग ने गाड़ी चालक को रुकने का इशारा किया लेकिन आरोपियों ने गाड़ी रोकने के बजाय कैंटर से सीधे स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी।
जिसके बाद मोनू गर्ग गाड़ी से छोड़ खेतों की तरफ दौड़े तो तीनों गाड़ियों में सवार लोगों ने पीछा शुरू कर दिया। मोनू गर्ग का आरोप है कि कुछ लोगों ने उन पर फायरिंग की। जिसके बाद उन्होंने किसी तरह छिपकर पुलिस को सूचना दी और मौके पर पहुंची पुलिस ने 13 लोगों को मौके से पकड़ लिया। साथ ही तीन गाड़ियों में लदे लगभग 200 भैंस व कटड़े को कब्जे में ले लिया है। इनमें से चार भैंस की मौत हो गई। पुलिस ने मोनू गर्ग की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।
तीन गाड़ियों में मवेशियों को बुरी तरह लादा गया था। पुलिस ने मौके से 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मोनू गर्ग ने अपने ऊपर जानलेवा हमले की शिकायत दी है। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
- सुरेंद्र कुमार, कोतवाली प्रभारी जेवर