प्रभावशाली महिलाओं की सूची में शाही परिवार की
नई बहू संग भारतीय मूल की वैज्ञानिक ने बनाई जगह
एजेंसी
लंदन। भारतीय मूल की एक जैव रसायन शास्त्री ने ब्रिटेन की 25 प्रभावशाली महिलाओं की सूची में शाही परिवार की नई बहू मेगन मर्केल के साथ जगह बनाई है। ब्रिटेन की वोग पत्रिका ने यह सूची जारी की है। इसमें मानवाधिकार वकील अमन क्लूनी और बेस्टसेलिंग लेखिका जेके रोलिंग को भी जगह मिली है।
‘द वोग 25’ की पहली सूची बृहस्पतिवार को जारी की गई। इसमें विभिन्न क्षेत्रों की महिलाओं को जगह दी गई। भारतीय मूल की प्रियंका जोशी को उनके अत्याधुनिक शोध के लिए जगह मिली है। ‘फोर्ब्स’ ने जब जोशी को विज्ञान की दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण चेहरों में से एक चुना था तब बड़ी मुश्किल से उनकी पीएचडी पूरी हुई थी। कैंब्रिज के डाउनिंग कॉलेज की शोधार्थी 29 वर्षीय जोशी ने अल्जाइमर को लेकर अत्याधुनिक शोध किया था। वहीं पिछले महीने प्रिंस हैरी से शादी कर नई डचेज ऑफ ससेक्स बनीं हॉलीवुड अभिनेत्री मेगन मर्केल को एक असाधारण नेतृत्वकर्ता के रूप में परिभाषित किया गया है।
हैरी पॉटर की मशहूर लेखिका जेके रोलिंग को हैरी पॉटर और कर्स्ड चाइल्ड के लिए जगह मिली है। 52 वर्षीय रोलिंग को दुनिया की सबसे महंगी लेखिका बताया गया है।