बैंक कर्मी को शादी का झांसा देकर मैनेजर ने किया दुष्कर्म
गुरुग्राम। एक बैंक कर्मचारी के साथ मैनेजर द्वारा शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने व उसकी वीडियो बनाने का मामला पालम विहार थाना पुलिस ने दर्ज किया है। आरोप है कि आरोपी मैनेजर ने युवती की अश्लील वीडियो व फोटो उसके मंगेतर को भेज दी जिससे उसका रिश्ता टूट गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार दिल्ली निवासी एक युवती गुरुग्राम स्थित बैंक ऑफ अमेरिका में नौकरी करती है। यहां वह मैनेजर सचिन जुनेजा के अधीन कार्य करती हैं। युवती ने शिकायत में आरोप लगाया कि सचिन ने वर्ष 2015 में उससे छेड़छाड़ शुरू कर दी। इसका उसने विरोध किया तो उसने धमकी देनी शुरू कर दी। अक्तूबर 2015 में सचिन ने उसे अपनी सीट पर बुलाया और बताया कि वह अपनी पत्नी से परेशान है और उससे तलाक के लिए अदालत में दावा पेश किया है। वह पीड़िता से शादी करना चाहता है। यदि उसने शादी का प्रस्ताव अस्वीकार कर दिया तो बिल्डिंग की छत से कूदकर जान दे देगा। इस पर पीड़िता ने सोचने के लिए समय मांग लिया। आरोप है कि सचिन ने जुलाई-अगस्त में उससे शादी का वादा करते हुए एक होटल में ले जाकर दुष्कर्म किया। दिसंबर 2017 में पीड़िता ने उससे शादी करने की बात कही तो आरोपी उसे टालने लगा और उससे शारीरिक संबंध बनाने का दबाव देने लगा। ऐसा न करने पर उसकी होटल में बनाई गई वीडियो व फोटो को सोशल मीडिया पर डालने की धमकी देने लगा। इस दौरान उसे पता लगा कि आरोपी ने अपने किसी अधिवक्ता से मिलकर तलाक के झूठे दस्तावेज बनवाए थे। इसके बाद पीड़िता ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी। इसके बाद पीड़िता के परिजनों ने उसकी शादी हैदराबाद में तय कर दी। शादी मार्च 2018 में होनी थी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि सचिन ने उसके मंगेतर का नंबर सर्च कर उसे फोन कर उसके बारे में गलत बातें बोलीं और उसकी वीडियो व फोटो भी उसे भेज दी। इस पर उसका रिश्ता टूट हो गया। इससे उसके परिजन मानसिक तनाव में चले गए। आरोप है कि इस बारे में जब उसने सचिन से बात की तो उसकी पत्नी ने उसका फोन ले लिया और उसे बदनाम करने व जान से मारने की धमकी देने लगी। इस पर उसने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-------