लार्वा मिलने पर पंचशील ग्रीन-2 सोसाइटी पर 5000 जुर्माना
नोएडा। डेंगू का हॉटस्पॉट बन रही ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसाइटियों में शुक्रवार को भी स्वास्थ्य विभाग ने निरीक्षण किया। पंचशील ग्रीन-2 सोसाइटी के स्वीमिंग पूल और बेसमेंट में लार्वा मिलने पर विभाग ने पांच हजार रुपये जुर्माना लगाया है। इससे पहले निराला एस्टेट स्थित एक ग्रॉसरी मार्ट पर इतना ही जुर्माना लगाया जा चुका है। संचारी रोग नियंत्रण के लिए प्रदेश अब तक का सर्वाधिक जुर्माना गौतमबुद्ध नगर में लगाया गया है। नोएडा में भी डेंगू मरीजों की संख्या बढ़ने से चिंतित स्वास्थ्य विभाग ने जांच की कार्रवाई तेज कर दी है। वहीं, शासन की तरफ से भी संचारी रोग नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम करने के आदेश जारी किए गए हैं। अब तक 85 परिसरों में मलेरिया विभाग की तरफ से नोटिस जारी किए जा चुके हैं। शुक्रवार को डेंगू के 11 नए मरीजों की पुष्टि के बाद सीएमओ डॉ. सुनील कुमार शर्मा और मलेरिया अधिकारी राजेश शर्मा के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें निरीक्षण के लिए पहुंची। वहीं पंचशील ग्रीन-1 और पंचशील आर्क में भी जांच टीमों ने लार्वा मिलने पर चार फ्लैट मालिकों को नोटिस जारी किया है। ब्यूरो
आरडब्ल्यूए-एओए को बनानी होंगी निगरानी समिति
संचारी रोग नियंत्रण के लिए शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग ने फोनरवा के नेतृत्व 48 प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। डेंगू-मलेरिया की रोकथाम के लिए आरडब्ल्यूए और एओए स्तर पर निगरानी समिति बनाने के निर्देश दिए। सीएमओ डॉ. सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि मलेरिया विभाग की टीमें हर घर में प्रवेश कर जांच नहीं कर सकती हैं। ऐसे में स्थानीय आरडब्ल्यूए-एओए को इसमें सहयोग करना होगा। सप्ताह में कम से कम दो बार फॉगिंग पर जोर दिया गया। ब्यूरो