वित्तीय संस्थानों और बैंकों को आवंटित किए जाएंगे भूखंड
- सीएम के प्राथमिकता प्रोजेक्ट में शामिल है फिनटेक सिटी
- मिनी मुंबई मॉडल पर होना है विकास
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। मिनी मुंबई माॅडल पर यमुना सिटी में यीडा फिनटेक सिटी बसाएगा। इसके लिए सेक्टर-11 में करीब 500 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। यहां प्रमुख वित्तीय संस्थानों के अलावा बैंकों को जमीन आवंटित की जाएगी। प्राधिकरण की योजना है कि यहां स्टॉक एक्सचेंज का भी कार्यालय हो, जिससे कंपनियों को आवश्यकता के मुताबिक, अपनी कंपनियों को आईपीओ या बॉन्ड के जरिए लिस्ट कर फंड जुटाने में मदद मिल सके।
प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक फिनटेक सिटी के विकास के लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले चरण में कंसल्टेंट कंपनी का चयन किया जाएगा। इस कंपनी की रिपोर्ट के आधार पर ही विकास कार्य शुरू होंंगे। कंसल्टेंट की भूमिका जरूरी सुझाव देने के साथ निवेशकों को आमंत्रित करने में भी होगी। 18 मार्च तक अनुभवी कंपनियों से प्राधिकरण ने आवेदन भी मांगे हैं। यह पूरी परियोजना स्टेट ऑफ द आर्ट फिनटेक हब के रूप में विकसित की जानी है।
परियोजना सीएम योगी की भी प्राथमिकता परियोजनाओं में शामिल है। यह फिनटेक हब भविष्य में डिजिटल पेमेंट सिस्टम को विकसित करने, क्राउड फंडिंग, एप के जरिए लोन उपलब्ध कराने, इंटरनेशनल मनी ट्रांसफर सिस्टम, क्रिप्टोकरेंसी आदि का महत्वपूर्ण केंद्र होगा।
-
339 करोड़ से बनेगा इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर
फिनटेक सिटी के साथ ही सेक्टर-10 में यमुना प्राधिकरण इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद बनाने वाली कंपनियों के लिए एक क्लस्टर बनाएगी। इस प्रोजेक्ट पर करीब 339 करोड़ रुपये
खर्च होंगे। केंद्र सरकार भी इसके लिए आर्थिक और तकनीकी सहयोग देगी। करीब डेढ़ साल में यह सेक्टर विकसित हो सकेगा।