सहारनपुर। नेट (निपुण असेसमेंट टेस्ट) में सहारनपुर की रैंक सुधारने के मकसद से विद्यार्थियों को नेट की तैयारी कराई जा रही है। इसी के चलते बृहस्पतिवार को कक्षा छह से आठवीं तक के विद्यार्थियों कर नेट पैटर्न आधारित मॉक परीक्षा कराई गई। इसमें जिलेभर के 45,413 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
जिला समन्वयक अरविंद सिंह ने बताया कि जनपद के परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा छह से आठ तक के कुल 51,871 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। बृहस्पतिवार को हुई मॉक परीक्षा में 45,413 विद्यार्थी उपस्थित रहे, जिनका प्रतिशत 87.54 रहा।
पारदर्शी परीक्षा के लिए प्रत्येक विद्यालय में अलग विद्यालय के शिक्षक तैनात किए गए। उत्तर पुस्तिकाओं को सील बंद लिफाफा में ब्लॉक संसाधन केंद्र पर एकत्रित कराया गया। परीक्षा के प्रभावी आयोजन के लिए जनपद स्तर पर मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन द्वारा जनपद स्तरीय, तहसील स्तरीय और ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की जिम्मेदारी लगाई गई थी।
अधिकारियों ने विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्था पर नजर रखी। एकेडमिक रिसोर्स पर्सन और स्टेट रिसोर्स पर्सन को भी विद्यालयों के निरीक्षण के लिए लगाया गया था। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कोमल ने भी अनेक विद्यालयों का भ्रमण कर परीक्षा व्यवस्था देखी।