सड़क पर उतरे लोग, किया प्रदर्शन
अमर उजला ब्यूरो
नोएडा। शहर में रविवार का दिन प्रदर्शन के नाम रहा। कहीं फ्लैट खरीदार अपने सपने का घर नहीं मिलने से गुस्से में दिखे तो कहीं घर मिलने के बाद सुविधाओं के अभाव रोष बनकर सामने आया। शहर के लोग सुरक्षा की चिंता को लेकर भी असहज रहे तो कहीं साफ-सफाई और गंदगी ने उनको सड़क पर उतरने पर मजबूर कर दिया।
सरकार याद करे अपना वादा नहीं तो होगा आंदोलन
- आम्रपाली के खरीदारों ने डीएनडी पर किया प्रदर्शन
नोएडा। आम्रपाली के खरीदारों ने रविवार को डीएनडी पर नोएडा और दिल्ली क्षेत्र में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का मकसद सरकार को उनके किए गए वादे की याद दिलाना रहा। खरीदारों की मानें तो अगर सरकार को वादा याद नहीं आया तो बड़ा आंदोलन होगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में खरीदारों ने हिस्सा लिया।
खरीदार केके कौशल ने बताया कि 9 वर्ष बाद भी उनको घर नहीं मिल पाया। सुप्रीम कोर्ट में केवल एक वर्ष से मामला है। लेकिन वहां से भी कोई राहत नहीं मिल रही है। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ सरकार खरीदारों के हित की बात करती है, तो दूसरी तरफ अपने सारे किए वादों को पूरा करने में विफल साबित हो रही है। आम्रपाली के खरीदारों ने कहा कि कोर्ट एनबीसीसी की ओर से परियोजना को पूरा करने की बात करती हैं। लेकिन फंड कौन देगा इस पर एक राय नहीं है। सारा पैसा आम्रपाली ने इधर से उधर कर दिया। खरीदारों ने मांग किया कि सरकार तत्काल आम्रपाली के बंद पड़े प्रोजेक्टों को अपने माध्यम से फंड देकर काम शुरू कराए। आम्रपाली के निदेशकों को तत्काल जेल में डाला जाए और प्राधिकरण अधूरे प्रोजेक्ट को पूरा कराए। यही नहीं खरीदारों को बैंको से ईएमआई और ब्याज में राहत दिलाई जाए। खरीदारों का कहना है कि यदि सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठाती हैं तो शीघ्र ही संसद भवन के पास विरोध प्रदर्शन करेंगे। प्रत्येक पंद्रह दिन में जगह-जगह प्रदर्शन किया जाएगा।
सुरक्षा का अभाव और गंदगी पर प्रदर्शन
सेक्टर-137 के निवासियों ने रविवार को सुरक्षा का अभाव व गंदगी के मामले पर प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि सेक्टर में पिछले एक माह में लूट की वारदात बढ़ गई है। सेक्टर निवासी अभीष्ट गुप्ता ने बताया कि एक लूट में पीड़ित को गोली भी मार दी गई थी। आसपास कोई थाना भी नहीं है। इसके अलावा सेक्टर के अंदर बड़ा नाला है। जिसकी बदबू से लोगों का रहना दूभर हो गया है। इसके लिए सेक्टर के लोग पिछले कई सालों से चक्कर काट रहे हैं। सेक्टर के लोगों ने बताया कि समस्याओं को देखते हुए जिलाधिकारी को पत्र लिखा गया। विधायक की ओर से गृह सचिव को पत्र लिखा गया। लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।
बिल्डर के खिलाफ निवासियों ने किया प्रदर्शन
सेक्टर-75 स्थित गोल्फ एवेन्यू के निवासियों ने बिल्डर के खिलाफ रविवार को सोसायटी के गेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान सोसायटी के सभी ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। सोसायटी निवासी छाया राय ने बताया कि करीब 200 फ्लैटों में लोग रह रहे हैं। लेकिन सोसायटी के काम अधूरे हैं। जबकि दिसंबर 2017 में ही ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट दिया जा चुका है। सोसायटी में अग्निशमन व्यवस्था, भूतल स्थित कार पार्किंग, प्रदूषण नियंत्रण के लिए कार्य, सुरक्षा व्यवस्था, साफ व पीने लायक पानी जैसी सुविधाएं नहीं है। ऐसे में मेंटेनेंस चार्ज अधिक लिया जा रहा है। कई बार शिकायत की गई है। लेकिन कोई कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।