दिसंबर में तैयार होगी जिला अस्पताल की बिल्डिंग
संचालन पर संशय, सुविधाओं के लिए करना होगा इंतजार
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। सेक्टर 39 में जिला अस्पताल की बिल्डिंग दिसंबर तक बनकर तैयार हो जाएगी। बताया जा रहा था कि नये भवन में स्थानांतरण के साथ ही हर तरह की स्वास्थ्य सुविधाएं शुरू हो जाएंगी। इनमें आईसीयू, एमआरआई, सिटी स्कैन जैसी सुविधा भी शामिल हैं। हालांकि, बेहतर सुविधाओं के लिए लोगों को इंतजार करना पड़ेगा। अस्पताल को नये भवन में शिफ्ट तो कर दिया जाएगा, मगर सुविधाएं नहीं बढ़ेंगी। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि शिफ्ट होने के बाद धीरे धीरे सुविधाओं में इजाफा किया जाएगा। भवन बनने के बाद उसमें सुविधाएं बढ़ाने और संचालन के लिए 100 करोड़ रुपये की जरूरत होगी। फिलहाल, यह साफ नहीं है कि संचालन प्राधिकरण करेगा या फिर राज्य सरकार। हालांकि प्राधिकरण ने खर्चा वहन करने को लेकर हाथ पीछे खींच लिये हैं। दबी जुबान में विभाग कह रहा है कि प्राधिकरण के हाथ खींचने के बाद सरकार ही खर्च वहन करेगी। पहले कहा गया था कि शिफ्ट होने के बाद डॉक्टरों की संख्या 150 से ज्यादा हो जाएगी। साथ ही 24 घंटे इनकी तैनाती रहेगी। यहां आईसीयू, ट्रामा सेंटर, एमआरआई, सिटी स्कैन जैसी सुविधाएं शुरू हो जाएंगी।
सीएमओ डॉक्टर अनुराग भार्गव ने बताया कि दिसंबर में बिल्डिंग को हैंडओवर कर दिया जाएगा। फिर जिला अस्पताल नये भवन में स्थानांतरण कर दिया जाएगा। लेकिन डॉक्टरों की संख्या और अन्य सुविधाओं को बढ़ाने में समय लगेगा। धीरे धीरे सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी।