प्रदर्शन के बाद प्राधिकरण अधिकारियों ने 14,500 के ईनाम की घोषणा की
नोएडा। प्राधिकरण में ठेकेदारी व्यवस्था के तहत काम कर रहे चार हजार से अधिक सफाई कर्मचारियों ने बुधवार सुबह हड़ताल का ऐलान कर प्राधिकरण के सेक्टर-6 स्थित दफ्तर के सामने प्रदर्शन किया। कर्मचारियों की प्रमुख मांगे बोनस, स्वास्थ्य बीमा और वेतनवृद्धि थीं। दोपहर बाद प्राधिकरण के अधिकारियों ने कर्मचारियों से वार्ता की। इसमें प्राधिकरण स्वच्छ सर्वेक्षण के ईनाम के तौर पर सीधे सफाई में लगे कर्मचारियों को 14,500 रुपये देने को तैयार हुआ।
ईनाम की घोषणा के बाद शाम को कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म करने का ऐलान किया। इस दौरान पूरे दिन सेक्टर-1 से 39 और 57, 58, 59 तक की सफाई व्यवस्था चौपट रही। हड़ताल एमसीडी स्वच्छता कर्मचारी यूनियन बैनर तले की गई थी। बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारियों के जुटने पर पुलिस को स्वागत कक्ष के सामने बैरिकेडिंग करनी पड़ी। विरोध जताते हुए यह कर्मचारी प्राधिकरण के मुख्य गेट तक पहुंच गए और बैठ गए फिर पुलिस इनको वापस लेकर आई। यूनियन के नगर अध्यक्ष रविंद्र पारचा ने बताया कि हड़ताल ईनाम मिलने के बाद खत्म कर दी गई है। स्वास्थ्य बीमा के लिए प्राधिकरण ने 10 नवंबर तक का समय मांगा है। वेतनवृद्धि पर आगे बात की जाएगी। मांगे पूरी न होने पर कर्मचारी फिर हड़ताल करेंगे। प्राधिकरण के जन स्वास्थ्य विभाग के जीएम एस पी सिंह ने कहा कि सफाई व्यवस्था में लगे करीब 1600 कर्मचारियों को स्वच्छ सर्वेक्षण का ईनाम दिए जाने की सहमति प्राधिकरण ने दी है।