माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। जलपुरा में बना 400 केवी क्षमता का बिजलीघर शुरू हो गया है। खुर्जा से जलपुरा तक बिजलीघर को जोड़ दिया गया है। इसके साथ ही जिले में बिजली की उपलब्धता बढ़ गई है। हालांकि, फिलहाल बिजलीघर से आपूर्ति शुरू नहीं हुई है। जल्द ही जरूरत के अनुसार इसे अन्य सबस्टेशनों से जोड़ा जाएगा। इससे ग्रेटर नोएडा के लोगों को भी लाभ मिलेगा।
टाटा पावर खुर्जा-जलपुरा पावर ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट पर काम कर रही थी। खुर्जा से जलपुरा तक 162 किलोमीटर लंबी ट्रांसमिशन लाइन तैयार हो चुकी है। टाटा पावर ने परियोजना का काम पूरा होने की आधिकारिक घोषणा की है। इसके बाद जलपुरा में 400 केवी क्षमता का बिजलीघर शुरू किया गया है। बिजलीघर की कुल क्षमता 1000 एमवीए होगी।
इसी परिसर में 220 केवी का सबस्टेशन भी बना है, जिसका उपयोग एनपीसीएल कर रहा है। 400 केवी बिजलीघर के शुरू होने से शहर में बढ़ती बिजली की मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में प्रस्तावित डेटा सेंटर को भी पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जा सकेगी।