-नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमानन सेवा शुरू होने के साथ-साथ शुरू होगी बस सेवा
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा शुरू होने के साथ-साथ यूपी रोडवेज की 40 बसें भी यात्रियों को नोएडा, ग्रेटर नोएडा, मथुरा, आगरा और फिरोजाबाद ले जाएंगी। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के अनुसार उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) अन्य आरामदायक बसों को भी संचालित करेगी।
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की उद्घाटन तिथि अब नजदीक आ रही है। उद्घाटन के कुछ दिनों बाद ही देशभर के 10 प्रमुख शहरों के लिए विमान सेवाएं भी संचालित होने जा रही हैं। ऐसे में दिल्ली-एनसीआर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड जाने के लिए यात्रियों को आरामदायक एसी बसों की यात्रा मुहैया होगी। हवाई अड्डे से सरकारी बसें (डीटीसी, यूपीएसआरटीसी, यूटीसी और हरियाणा रोडवेज़) और निजी शटल और पर्यटक सेवाएं यात्रियों को मिलेंगी। अभी तक दिल्ली की डीटीसी, उत्तराखंड और हरियाणा रोडवेज से नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट प्रशासन के साथ बसों के संचालन के लिए करार हो चुका है। अब जल्द ही उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के साथ एनआईए का करार होने जा रहा है। पहले चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इस रूट पर संचालित होने वाली 40 बसों को जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से कनेक्ट किया जाएगा। नोएडा, ग्रेटर नोएडा के कासना, आगरा, मथुरा और फिरोजाबाद से चलने वाली यह बसें नोएडा हवाई अड्डे होकर अपने गंतव्य तक जाएंगी। विमानों की उड़ान सेवाएं शुरू होने के साथ-साथ यह सेवा शुरू होगी।
आरामदायक एसी बसों का भी होगा संचालन
यूपी रोडवेज के साथ इन 40 बसों के अलावा आरामदायक एसी बसों का भी संचालन नोएडा हवाई अड्डे से किया जाएगा। इसके लिए यूपीएसआरटीसी प्रारूप तैयार कर रहा है।
-
पर्यावरण के अनुकूल होगा संचालन
यूपीएसआरटीसी की यह 40 बसें सीएनजी ईंधन वाली होंगी। यह बसें ईको फ्रेंडली होंगी। इससे यात्रियों को प्रदूषण मुक्त यात्रा का लाभ मिलेगा।
-
नोएडा, ग्रेटर नोएडा, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद जाने वाली रोडवेज बसों को नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रूट से जोड़ा जाएगा। इससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक जाने के लिए सुविधा मिलेगी।
एमके सिंह, रीजनल मैनेजर नोएडा क्षेत्र, यूपीएसआरटीसी