अरुणाचल प्रदेश ले जाई जा रही 40 लाख की अवैध शराब पकड़ी
ग्रेटर नोएडा। पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने कोट गांव के नजदीक से एक कंटेनर में भरी शराब की एक हजार पेटियां बरामद की हैं। यह शराब फर्जी कागजात तैयार कर अरुणाचल प्रदेश ले जाई जा रही थी। बरामद शराब की कीमत करीब 40 लाख रुपये है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी और एसएसपी के आदेश पर जनपद में अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार रात आबकारी निरीक्षक राहुल कुमार सिंह और दादरी कोतवाली क्षेत्र की कोट पुलिस चौकी के प्रभारी विकास कुमार अपनी टीमों के साथ जीटी रोड पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान कोट गांव के नजदीक सर्विस रोड पर खड़े एक संदिग्ध कंटेनर की जांच की गई तो उसमें अवैध शराब भरी पाई गई। उन पर फॉर सेल अरुणाचल प्रदेश लिखा था। पुलिस टीम ने अवैध शराब से भरे कंटेनर को कब्जे में लेकर चालक सरदार लाल पुत्र मांगीलाल निवासी थाना एवं गांव बडौत, जिला आगार, मध्य प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया। आबकारी विभाग ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ दादरी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस क्षेत्राधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि फर्जी दस्तावेज तैयार कर यह शराब अरुणाचल प्रदेश ले जाई जा रही थी। बरामद शराब की की कीमत 40 लाख रुपये से अधिक होने का अनुमान है। मामले की जांच की जा रही है।