जिला पंचायत की ओर से ग्रामीण इलाकों में संपर्क मार्गों और गलियों की सड़कों को सुधारने के लिए व्यापक अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत करीब 2.40 करोड़ रुपये की लागत से 37 सड़कों के निर्माण और मरम्मत कार्य कराए जाएंगे।
इन सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कार्यों का चयन प्राथमिकता के आधार पर किया गया है, जहां लंबे समय से सड़कें जर्जर अवस्था में थीं या जहां आवागमन में ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
जिला पंचायत प्रशासन ने बताया कि यह कार्य केंद्रीय वित्त आयोग की धनराशि से कराए जाएंगे। सभी परियोजनाओं पर गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में मानक के अनुरूप कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं। सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को न केवल आवागमन में सुविधा मिलेगी, बल्कि बाजार, विद्यालय और स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचना भी सुगम होगा। मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित का कहना है कि अगले महीने से कार्यों की शुरुआत कर दी जाएगी, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिल सके।