बभनी। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो गोरखपुर के साथ बभनी थाने की पुलिस ने मंगलवार को 34 किलो गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह कार्रवाई बभनी तिराहे पर वाहनों की जांच के दौरान की।
बभनी थाना प्रभारी कमलेश पाल ने बताया कि मादक पदार्थों की अवैध बिक्री रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो गोरखपुर (एनसीबी) व थाना बभनी पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर बभनी तिराहे पर संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग शुरू की। इस दौरान हुंडई कार से 34 किलो गांजा बरामद किया गया।
पूछताछ के दौरान पुलिस ने तस्करी के आरोपी ओडिशा के बगबहाली निवासी संजीत महानंद और कालाहांडी निवासी बलराम सूना को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 34 किलो गांजा बरामद हुआ। एनसीबी टीम ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय भेज दिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों का कहना था कि वह गांजा ओडिशा से लेकर गोरखपुर ले जा रहे थे। गिरफ्तार करने वाली टीम में एनसीबी गोरखपुर के निरीक्षक रमाकांत तिवारी, निरीक्षक अनुज कुमार मिश्रा, एसआई रवि प्रकाश यादव, आरक्षी अनुज यादव आदि रहे।