-राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ने लिया निर्णय
-दाखिले से वंचित छात्रों को मिलेगा मौका
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ने बड़ा निर्णय लेते हुए सभी स्नातक कोर्स की सीटों में 33 प्रतिशत की वृद्धि की है। इस कदम से अधिक संख्या में छात्रों को प्रवेश का अवसर मिलेगा। प्राचार्य डॉ. राजीव गुप्ता ने बताया कि बढ़ी हुई सीटों के साथ अब प्रवेश के लिए ओपन राउंड की मेरिट सूची 30 सितंबर को जारी की जाएगी। यह अवसर उन विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण होगा जो अब तक दाखिले की प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाए हैं या पिछली मेरिट लिस्ट सूचियों में चयनित नहीं हो सके।
डॉ गुप्ता ने बताया कि पहले महाविद्यालय में बीए की 240, बीकॉम की 160 और बीएससी बायो 40, मैथ्स 40 और कंप्यूटर साइंस में 40 सीटें थीं। अब 33 प्रतिशत वृद्धि के साथ अनुमानित सीटें बीए में लगभग 320, बीकॉम में 213, बीएससी बायो में 53, मैथ्स में 53 और बीएससी कंप्यूूटर साइंस में 53 हो जाएंगी। प्राचार्य डॉ राजीव कुमार गुप्ता ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की कि वह 30 सितंबर को जारी होने मेरिट सूची के लिए कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट और नोटिस बोर्ड पर नियमित नजर रखें। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वह समय रहते अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्र, पहचान पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो जैसे दस्तावेज तैयार रखें, इससे प्रवेश प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो। प्रवेश से जुड़ी जानकारी और सहायता के लिए परिसर में हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है।