हाल ही में राजस्थान के अलवर जिले में कथित गोतस्करी के आरोप में कुछ लोगों द्वारा मार दिए गए नूंह जिला के गांव कोलगांव निवासी रकबर के 6 साल के बेटे इकराम ने अलीगढ़ में आयोजित जिला स्तरीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में 23 किलो भार में सिल्वर मेडल जीतकर अभी से अपने तेवर दिखा दिए हैं। नूंह के लोगों को उम्मीद है कि रकबर के बच्चे एक दिन जिले का नाम जरूर रोशन करेंगे।
रकबर की हत्या के बाद उसके सात बच्चे लावारिस रह गए थे। जिनकी परवरिश के लिए लोगों ने अलग-अलग तरीके से परिवार की आर्थिक मदद की। अलीगढ़ की स्टेप फाउंडेशन नामक संस्था ने रकबर के चार बच्चों (दो लड़के और दो लड़कियों) को गोद लेकर उनकी पढ़ाई की जिम्मेदारी ली है।
संस्था के महासचिव आमिर ने बताया कि रकबर की दो लड़कियों को सना पब्लिक स्कूल और लड़कों को चाचा नेहरू मिडिल स्कूल अलीगढ़ में शिक्षा दिलाई जा रही है। उन्होंने बताया कि संस्था की ओर से चारों बच्चों को बेहतरीन शिक्षा दिलाई जाएगी।
मोहम्मद आमिर ने बताया कि हाल ही में अलीगढ़ जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन की ओर से बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें रकबर के दो बच्चों ने भाग लिया। रकबर के 6 साल के बेटे इकरान ने 23 किलो वजन में सिल्वर मेडल जीता।