हेडिंग: मोबाइल ऐप से नहीं मिल रही पुलिस की मदद
यूपी 100 मोबाइल ऐप तकनीकी खराबी के चलते एक सप्ताह से बाधित
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। जिला पुलिस की यूपी 100 मोबाइल ऐप सेवा से लोगों को सहायता नहीं मिल पा रही है। एक सप्ताह से तकनीकी खराबी के कारण सेवा बाधित है, लेकिन इसे ठीक नहीं कराया जा सका है। यूपी 100 ऐप से मदद की आस लगाने वालों को अगले एक सप्ताह तक यह सेवा मिल पाना मुश्किल लग रहा है।
दरअसल, ऐप को मोबाइल में डाउनलोड करने के बाद आपात स्थिति में पुलिस की मदद ली जा सकती है। ऐप खोलने के बाद इमरजेंसी विकल्प पर टच करने से स्थानीय पुलिस के पास मदद मांगने वाले की लोकेशन सहित अन्य जानकारी पहुंच जाती है और पुलिस मदद के लिए पहुंच जाती है, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण जिले में ऐप की सुविधा का लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है। अगले एक सप्ताह में सुविधा फिर से बहाल करने की बात कही जा रही है। एसपी अनिल झा ने बताया कि मोबाइल ऐप सेवा बहाल करने के लिए तकनीकी प्रदाता कंपनी को अवगत कराया गया है।