खंडहर में लूट की योजना बनाते दो गिरफ्तार
पुन्हाना। लूटपाट व अन्य वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को पिनगवां पुलिस गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर तीसरे आरोपी की भी तलाश शुरू कर दी है।
पिनगवां थाना प्रभारी सूरज चावला ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी की करीब तीन बदमाश किसी वारदात को अंजाम देने की नियत से पिनगवां-पुन्हाना रोड पर एक खंडहर पड़े मकान के पास खड़े होकर किसी लूटपाट को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल सुखराम की अगुवाई में एक टीम का गठन कर उक्त स्थान पर छापेमारी की गई। हालांकि एक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, लेकिन मौके से दो बदमाशों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से दो चोरी की मोटरसाइकिल, एक लोहे की रोड बरामद की गई है। पूछताछ में बदमाशों ने अपना नाम मुकीम निवासी ग्यासनियां बास थाना फिरोजपुर झिरका और दूसरे ने अपना नाम सोहेल निवासी लाड़मका राजस्थान बताया है। जबकि जुब्बी नाम का एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायायिक हिरासत में जेल भेज दिया, जबकि तीसरे की तलाश जारी है।