- 16 से 20 जुलाई तक सेक्टर 21ए स्थित नोएडा स्टेडियम में होंगे मुकाबले
- 54वीं राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता में अंडर-14, 17 व 19 आयु वर्ग में बालिकाएं लेंगी भाग
नितेश कुमार
ग्रेटर नोएडा। जिले में आयोजित होने जा रही जूडो प्रतियोगिता में 25 संभाग की 312 बालिकाएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करती हुए नजर आएंगी। 54वीं, राष्ट्रीय बालिका जूडो चैंपियनशिप की मेजबानी गौतमबुद्ध नगर को मिली है। यह पहला अवसर होगा जब जिले को प्रतियोगिता की मेजबानी करने का मौका मिल रहा है। इसके मुकाबले नोएडा स्टेडियम में होंगे। इसका आयोजन केंद्रीय विद्यालय संगठन और संचालन नोएडा के सेक्टर 24 स्थित केंद्रीय विद्यालय की देखरेख में किया जाएगा।
इस स्पर्धा में केंद्रीय विद्यालय संगठन के 25 संभाग आगरा, अहमदाबाद, बंगलूरू, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, चेन्नई, देहरादून, दिल्ली, गुवाहाटी, गोरखपुर, गुवाहाटी, हैदराबाद, जबलपुर, जयपुर, जम्मू, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, पटना, रायपुर, रांची, सिल्चर आदि संभाग से टीमें शामिल होंगी। गौतमबुद्ध नगर की खिलाड़ी आगरा संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगी। सेक्टर 24 स्थित केंद्रीय विद्यालय के खेल प्रभारी उपेंद्र कुमार राय ने बताया कि सभी बालिकाएं प्रशिक्षण शिविर में जमकर पसीना बहा रही हैं।
दर्शक निशुल्क देखेंगे जूडो के दांवपेंच
उपेंद्र कुमार राय ने बताया कि पांच दिवसीय प्रतियोगिता को देखने के लिए दर्शकों को जेब ढीली नहीं करनी होगी। आयोजकों की ओर से निशुल्क एंट्री रखी गई है। पहले आओ पहले पाओ के आधार पर दर्शकों को एंट्री मिलेगी। वीआईपी व वीवीआईपी के लिए अलग पास की व्यवस्था रहेंगी। खिलाड़ी व उनके साथ आए सहयोगियों के रहने व खाने की व्यवस्था आयोजकों की ओर से केंद्रीय विद्यालय के परिसर में की गई है। मंगलवार से टीमें आने शुरू हो जाएंगी।